2021 Maruti Suzuki Super Carry : देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी Maruti Suzuki (मारुति सुजुकी) ने अपने हल्के वाणिज्यिक वाहन (लाइट कमर्शियल व्हीकल) (LCV) Super Carry (सुपर कैरी) को रिवर्स पार्किंग असिस्ट (RPAS) सिस्टम के साथ अपडेट कर दिया है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में जमा किए गए कंपनी की नियामक फाइलिंग के अनुसार, यह नया सुरक्षा फीचर अब इस वाहन में स्टैंडर्ड फिटमेंट के रूप में दिया जाएगा। यानी इस वाहन के बेस मॉडल में भी यह फीचर मिलेगा।
इस फीचर का फायदा
मिनी ट्रक सुपर कैरी में रिवर्स पार्किंग असिस्ट सिस्टम का फीचर मिलने के बाद पिछले मॉडल के मुकाबले अब इसे पार्क करना कहीं आसान हो जाएगा। गौरतलब है कि रिवर्स पार्किंग असिस्ट सिस्टम का फीचर खासतौर पर महंगी कारों में मिलता है। इस फीचर की मदद से चालक कार को मुश्किल पार्किंग में भी बहुत आसानी से पार्क कर लेता है। अब यह फीचर सुपर कैरी में भी मिलेगा।
कितनी है कीमत
सुपर कैरी में इस नए फीचर के जुड़ने के साथ ही यह एलसीवी अब 18,000 रुपये तक महंगी हो गई है। 2021 सुपर कैरी की दिल्ली में शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत अब 4.48 लाख हो गई है, जो टॉप मॉडल के लिए 5.46 लाख रुपये तक जाती है। नई कीमतें शुक्रवार (30 अप्रैल) से प्रभावी हो गई हैं।
कितना वजह उठा सकती है सुपर कैरी
सुपर कैरी मिनी ट्रक में 2183 mm लंबा और 1488 mm चौड़ा डेक एरिया मिलता है जिसे कार्गो सामान ले जाने के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें 740 किलोग्राम की पेलोड क्षमता है। सुपर कैरी की ग्राउंड क्लीयरेंस 175 mm है। मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी नियामक फाइलिंग में कहा है कि, "आपको यह जानकारी देनी है कि सुपर कैरी के सभी वेरिएंट्स को RPAS सिस्टम के नए वर्जन से अपग्रेड किया गया है। इस वाहन की दिल्ली में नई एक्स-शोरूम कीमत 4,48,000 रुपये से लेकर 5,46,000 रुपये तक हैं। और यह आज से यानी 30 अप्रैल 2021 से प्रभावी हैं।"
इंजन और पावर
यह मिनी ट्रक पेट्रोल और पेट्रोल+सीएनजी वेरिएंट दोनों ऑप्शन में बेचा जाता है। बता दें कि, यह अपने सेगमेंट में पहली एलसीवी थी जिसे बीएस-6 ईंधन उत्सर्जन मानकों के मुताबिक अपडेटेड इंजन मिला था। इसमें 1.2-लीटर इंजन मिलता है, जो 72.4 bhp का अधिकतम पावर और 98 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस वाहन के सीएनजी वेरिएंट में वही पेट्रोल इंजन मिलता है, लेकिन इस मॉडल में यह इंजन 64.3 bhp का पावर और 85 Nm का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इस इंजन के साथ ट्रांसमिशन ऑप्शन में 5-स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स मिलता है।