होंडा का कहना है कि वह पहले इस एसयूवी को जापान और यूरोपियन बाजारों में उतारेगी। वहीं होंडा अपने घरेलू बाजार में इस एसयूवी को वेजल नेमप्लेट के साथ लॉन्च करेगी। वहीं बाकी देशों में इसे Honda HR-V 2021 के नाम से उतारा जाएगा। होंडा यूरोप भी पुष्टि कर चुकी है कि नई एसयूवी हाईब्रिड इंजन के साथ लॉन्च होगी।
होंडा पहले ही एलान कर चुकी है कि यूरोपियन बाजार में रेगुलर पेट्रोल और डीजल इंजन के विकल्प को बंद कर देगी और कंपनी केवल हाईब्रिड और इलेक्ट्रिक कारों पर ही फोकस करेगी। नई HR-V हाईब्रिड होंडा ई, सीआर-वी हाईब्रिड, जैज हाईब्रिड और जैज क्रॉस्टर हाईब्रिड के साथ पोर्टफोलियो में शामिल होगी।
नई होंडा HR-V में दमदार हाईब्रिड सिस्टम होगा, जिसे कंपनी ने e:HEV नाम दिया है। यह पावरट्रेन फिलहाल जैज, जैज क्रॉस्टर और सिटी हाईब्रिड में दिया गया है। हाईब्रिड इंजन के साथ आने वाली होंडा सिटी को इस साल भारतीय बाजार में भी लॉन्च किया जाना है। संभावना है कि कंपनी भारत में भी नई HR-V को हाईब्रिड इंजन के साथ पेश करेगी।
जैज और सिटी हाईब्रिड में 1.5 लीटर का iMMD (इंटेलिजेंट मल्टी मोड ड्राइव) पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो एक कॉम्पैक्ट लीथियम आयन बैटरी, पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर और फिक्स् गियर ट्रांसमिशन के साथ कनेक्ट होगी। हाईब्रिड सिस्टम के साथ यह इंजन 109 पीएस की पावर और 26.7 किमी प्रति लीटर का जबरदस्त माइलेज देगा।
वहीं नई एसयूवी 3 ड्राइव मोड्स- इलेक्ट्रिक ड्राइव, हाईब्रिड ड्राइव और इंजन ड्राइव के साथ आएगी। वहीं इलेक्ट्रिक ड्राइव मोड में जब कम रफ्तार में यह क्रूज करेगी, तो यह एसयूवी पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पावर पर चलेगी। वहीं हाईब्रिड ड्राइव मोड में पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर काम करेगी, जिससे ज्यादा माइलेज मिलेगा, वहीं जब रफ्तार तेज होगी, तो एसयूवी सिर्फ पेट्रोल इंजन पर चलेगी।
होडा अपनी नई पीढ़ी की HR-V यानी वेजल को 18 फरवरी को जापान में पेश करेगी। कंपनी ने नए मॉडल की जो फोटो टीज की है, उसमें यह किसी कूप-क्रॉसओवर की स्टाइल की तरह दिखाई दे रही है, साथ ही इसमें फ्रीस्टैंडिंग टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी के साथ फैकटरी फिटेड सनरूफ मिलेगी।