माना जाता है कि दिवाली के दिन माता लक्ष्मी हर घर में भ्रमण करती है। ऐसे मे घर की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाता है, क्योंकि माता लक्ष्मी का वास साफ और स्वच्छ जगह पर ही होता है। शास्त्रों के अनुसार जिस घर में साफ-सफाई होती है, मां लक्ष्मी वहीं वास करती हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ ऐसी वस्तुओं के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्हें दिवाली से पहले जरूर घर से बाहर निकाल देना चाहिए, अन्यथा मां लक्ष्मी नाराज भी हो सकती हैं।
दिवाली से पहले इन चीजों को घर से निकाल दें बाहर
1. टूटी-फूटी वस्तुएं
घर में टूटी हुई चीजें, जैसे बर्तन, फर्नीचर या सजावटी सामान, नकारात्मक ऊर्जा का कारण बनती हैं। इन्हें बेकार में घर में नहीं रखना चाहिए।
2. बिना उपयोग की वस्तुएं
कई बार लोग बिना उपयोग में आने वाली वस्तुओं को भी घर में रखे रहते हैं, लेकिन वास्तु के अनुसार इन चीजों को घर में रखना शुभ नहीं माना जाता है। दिवाली की सफाई के समय ऐसी वस्तुओं को घर से बाहर निकाल देना चाहिए। इनमें पुराने कपड़े, किताबें या उपकरण जैसी चीजें शामिल हैं।
3. अशुभ तस्वीरें
घर में कभी भी नकारात्मकता को दर्शाने वाली तस्वीरों को नहीं लगाना चाहिए, जैसे युद्ध, संघर्ष या उदासी की तस्वीरें। इन्हें हटाकर घर में सकारात्मक और प्रेरणादायक चित्रों को लगाना चाहिए।
4. सूखे या मृत पौधे
सूखे या मुरझाए हुए पौधे घर में नकारात्मक ऊर्जा लाते हैं, इसलिए इन्हें तुरंत घर से बाहर निकाल देना चाहिए। घर में हमेशा नये और हरे पौधे लगाने चाहिए। इसे जीवन और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है।
5. खराब रिश्ते की यादें
ऐसे सामान जो हमें किसी बुरे अनुभव या रिश्तों की याद दिलाते हैं। ऐसी चीजों को भी दिवाली की सफाई के साथ घर से बाहर निकाल देना चाहिए। आप चाहे तो इन चीजों को दान भी कर सकते हैं, ताकि उनकी नकारात्मकता समाप्त हो जाए।
6. खंडित मूर्तियां
वास्तु के अनुसार घर में कभी भी देवी-देवताओं की खंडित मूर्ति नहीं रखनी चाहिए। इन्हें दुर्भाग्य का कारण माना जाता है, इसलिए दिवाली आने से पहले ऐसी खंडित मूर्तियों को किसी पवित्र स्थान में ले जाकर दबा दें या किसी नदी में प्रवाहित कर दें।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।