फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

साप्ताहिक आर्थिक राशिफल (20 से 26 मई ): जानें धन और व्यवसाय के लिए कैसा रहेगा यह सप्ताह

विज्ञापन
साप्ताहिक राशिफल
विज्ञापन

इस सप्ताह ग्रहों में कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिलता है। राहू और मंगल की युति से मिथुन राशि में अंगारक योग बना हुआ है इससे उर्जा को सही दिशा और उद्देश्यपूर्ण कार्यों के लिए लक्षित करने में परेशानी होती है। राहू की भ्रम और नकारात्मकता के कारण एक भटकाव सा हो जाता है। यदि इसका उपयोग सकारात्मक और वैध कार्यों के लिए किया जा सके तो परिणाम सुखद और त्वरित मिलते हैं। दो महत्वपूर्ण ग्रह गुरु और शनि वक्री बने हुए हैं। अगर ज्योतिष के प्रचलित सिद्धांतों को देखें तो- क्रूर ग्रह वक्री होने पर अतिक्रूर फल देते हैं तथा सौम्य ग्रह वक्री होने पर अति शुभफल देते हैं- इसके अनुसार गुरु की व्यापकता और आध्यात्मिकता में बढ़ोत्तरी ही होगी। एक बात और है कि यदि आपकी जन्म कुंडली में भी गुरु वक्री हैं तो और भी अधिक शुभ फल देंगे। अभी आपको धैर्य व गम्भीरता से कार्य की पकड़ कर नई योजना व नए कार्यों को गति देनी चाहिए। लेकिन वक्री शनि का सामना आपके लिए चुनौतीपूर्ण तो रहेगा ही। इस दौरान कुछ सावधानियां बरतनी आवश्यक हो जाती हैं। हालाँकि, ये सुखद और कष्टकारक दोनों हो सकते हैं, बहुत कुछ आपकी कुंडली पर भी निर्भर करता है। ऐसे में देखते हैं वर्तमान गोचर विभिन्न राशियों पर क्या डालते हैं:

विज्ञापन

rashi
मेष 
राशिस्वामी मंगल पराक्रम भाव में राहू के साथ युति बना रहे हैं। धनभाव के स्वामी शुक्र आपकी राशि में हैं। सूर्य और बुध धनभाव में विराजमान हैं। लाभ भाव के स्वामी शनि वक्री होकर केतु के साथ भाग्य भाव में युति से हैं। अष्टम स्थान से धन भाव पर वक्री गुरु की दृष्टि है। यह सप्ताह आपके लिए अच्छा रहने की संभावना है। जो लोग अपने कारोबार का विस्तार करने की सोच रहे हैं, उसपर अमल कर सकते हैं। यदि कोई आपको नेक सलाह दे रहा है तो उसे सोच-समझकर स्वीकार कर सकते हैं। इस समय आर्थिक मोर्चे पर स्थिति अच्छी रह सकती है, क्योंकि धन स्थान का मालिक शुक्र आपकी राशि में ही बैठा है। लेकिन विलासिता सम्बन्धी चीज़ों की खरीदारी के पहले उसकी उपयोगिता के बारे में सोच लें। इस समय व्यापार में बदलाव या नया कोई और व्यापर या नौकरी की पदोन्नति की संभावना है। इस अवधि में आपका अपने प्रति विश्वास आपको लगातार विजय दिलायेगा। लेकिन सप्ताह के अंत में काम विलम्ब से पूरे होंगें। व्यवसायिक मित्रों से लाभ मिलने के कई अवसर बन सकते हैं पर सबसे अधिक लाभ होने वाला अवसर किसी कारणवश लटक सकता है। सप्ताह का अंतिम चरण करियर के मामले में आगे बढ़ने के लिए अनुकूल है।

rashi
वृषभ 
आपका राशिस्वामी शुक्र बारहवें भाव में हैं। आपकी राशि में धनभाव के स्वामी बुध और सूर्य युति बना रहे हैं। लाभेश गुरु महाराज सप्तम भाव में वक्री होकर गोचर कर रहे हैं। राहू और मंगल आपके धनभाव में हैं। यह सप्ताह आपके व्यवसाय के मामले थोड़ा सा मध्यम स्तर का रहेगा। इस अवधि के दौरान धनार्जन करने के लिए थोड़ा संघर्ष करना पड़ सकता है आर्थिक स्थिति साधारण बनी रह सकती है। जो लोग स्वयं कार्यरत हैं या व्यापार कर रहे हैं वह अपने काम में तो प्रगति कर सकते हैं लेकिन धन संग्रह करने में कठिनाई हो सकती है पर चिंता की बात नहीं है यह सभी कुछ थोड़े समय के लिए ही रहेगा स्थिति में जल्द सुधार होगा। अपनी शक्ति का उचित उपयोग करके, अपने कैरियर के लक्ष्यों को प्राप्त करने का समय है। दसवें भाव का स्वामी शनि आपकी क्षमता और ताकत को सही दिशा में लगाने को प्रोत्साहित करेगा। आप अपने काम के स्थान पर अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है। आपकी तत्परता से व्यवसाय या रोजगार से जुड़े कानूनी या सरकारी मामलों का समाधान हो जाएगा। लेकिन इसके पीछे खर्च होगा और यदि सरकारी लाभ मिलना है तो उसमे विलम्ब हो जायेगा। साझेदारी के कार्यों में अनुकूलता बनी रहेगी।

rashi
मिथुन 
आपका राशिस्वामी बुध अस्त होकर बारहवें भाव में सूर्य के साथ विराजमान हैं। धनेश चन्द्रमा आपके छठे भाव से भाग्य भाव तक गोचर करेंगे। राहू और लाभेश मंगल आपकी राशि में ही उपस्थित हैं। इस सप्ताह आय और व्यय के बीच सामंजस्य स्थापित करना आपके लिए सचमुच एक चुनौती होगा। कार्य व्यापार में भी वृद्धि के योग तो बनेंगे लेकिन खर्च भी काफी होगा। अपने व्यवहार को जितना सरल और युक्तिपूर्ण रखेंगे, उतनी आसानी होगी। व्यर्थ की उग्रता आपको कई तरीके से क्षति पहुंचाएगी। यदि आप नौकरी में हैं तो उच्चाधिकारियों से मतभेद प्रगट ना करें। सहकर्मियों और अधीनस्थों के साथ भी मित्रवत व्यवहार रखने से लाभ होगा। अपने सरकारी कागजातों को हमेशा पूर्ण रखें और कानूनी उलझनों को अभी टाल दें। साझेदारी में वाणिज्य-व्यापार करने वालों के लिए मुश्किल भरा समय होगा। आपसी विश्वास बनाये रखें, लेकिन कागजी औपचारिकताओं को भी पूरा रखें। साझेदारों से धोखाधड़ी की सम्भावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। आपके पास धन किसी ना किसी रुप में आता रह सकता है लेकिन वह आपके पास ज्यादा देर तक टिका नही रह पाएगा और किसी ना किसी रुप में उसका व्यय हो ही जाएगा। धन की कमी को पूरा करने के लिए आप गलत तरीकों का सहारा लेने का प्रयास हानिकारक सिद्ध हो सकता है।

rashi
कर्क 
सोमवार को आपके राशिस्वामी चन्द्रमा नीच का होकर आपके पंचम भाव से तथा सप्ताहांत में अष्टम भाव में गोचर करेंगे। धनभाव के स्वामी सूर्य लाभभाव में बुध के साथ विराजमान हैं। लाभभाव के स्वामी शुक्र आपके कर्मभाव से गोचर कर रहे हैं। कुछ समय से चली आ रही संकोच की स्थिति अब दूर होगी और नयी- नयी युक्तियों को आजमा कर अपने काम में तेजी ला सकेंगे। कार्यस्थल पर व्यस्तता बढ़ेगी इसलिए क्रमबद्ध तरीके से नीतियों के अनुरूप कार्यों को अंजाम देंगे तो आपको सुविधा रहेगी। जल्दबाजी से दूर रहें, चाहे कितनी भी व्यस्तता क्यों ना हो। कुछ नए लोगों के साथ मिलकर काम करना पड़ सकता है। आय तो होगी, लेकिन बढ़े खर्चे के कारण वित्तीय अनुशासन की आवश्यता रहेगी। साझेदारी में व्यवसाय करने वालों को परेशानी होगी। नौकरीपेशा लोगों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। स्थानांतरण होने पर रुकवाने के प्रयास सफल नहीं होंगे। इस अवधि में अगर आप मेहनत, संघर्ष व निरन्तर प्रयास करने की प्रवृति नहीं छोडेगे तो आर्थिक स्थिति को इससे बेहतर स्थिति में ले जाने में कामयाब रहेंगे। शत्रुपक्ष से सावधान रहना होगा। आपके मंसूबों पर वे पानी फेर सकते हैं। बड़ी योजनाओं पर निर्णय अभी टालें। विदेश से व्यापार करने वालों को अतिरिक्त लाभ होने की सम्भावना बनी हुई है।

rashi
सिंह
आपके राशिस्वामी सूर्य दशम भाव से धनभाव और लाभभाव के स्वामी बुध के साथ गोचर कर रहे हैं। आपके लाभ भाव में राहू और मंगल अंगारक योग बनाते हुए विराजमान हैं। वाणिज्य-व्यापार के लिए उत्तम समय रहेगा, अधिक आय होगी। धन प्राप्ति होगी। नई पहचान से अधिक काम मिलेगा। सरकारी काम से लाभ होगा। आप अपने पेशे में अभी तक किए गए कार्यो के फलस्वरूप आर्थिक लाभ ले पाएंगे। कार्य सफल होता महसूस होगा। आप यदि किसी पैतृक या वसीयत से जुड़े मामलों में फंसे हुए हैं तो उसका कानूनी हल निकलने की संभावना बन रही है। नौकरीपेशा लोगों को भी उच्चाधिकारियों का समर्थन मिलेगा। वेतन-वृद्धि भी संभव है। इस दौरान आपमें करियर में आगे बढ़ने के प्रति अधिक उत्साह रहेगा और तदनुरूप परिश्रम भी कर पाएंगे। भागीदारी के कार्यों में खलल पड़ सकता है। नए करार से दूर रहें। पूर्व निर्धारित योजना के साथ यदि आगे बढ़ेंगे तो आपको मनचाहा परिणाम मिलने की सम्भावना बढ़ जाएगी। इस समय आपकी आय के साथ ही आपकी जीवन-शैली में भी सुधार होगा और आप विलासिता सम्बन्धी वस्तुओं पर काफी धन खर्च कर सकते हैं। किसी के साथ भी लेन-देन से परहेज करें। यदि आप अपने खर्च पर नियंत्रण रखते हैं, तो बचा हुआ पैसा भविष्य में आपकी मदद करेगा।

rashi
कन्या 
आपके राशिस्वामी बुध नवम भाव से सूर्य के साथ गोचर कर रहे हैं। लाभेश चन्द्रमा इस सप्ताह तृतीय भाव से छठे भाव तक गोचर करेंगे। धनेश शुक्र अष्टम भाव से गोचर कर रहे हैं। शनि की दृष्टि आपकी राशि पर रहेगी। यह सप्ताह आपके लिए फलदायी रहने की संभावना है। आपकी परिस्थितियां सहज रहेंगी। इस समय धनागमन का प्रवाह अच्छा रहेगा क्योंकि आप अधिक से अधिक धन कमाने के लिए खूब भागा-दौड़ी करेंगे। इस सप्ताह धन कमाना आपकी प्राथमिकता होगी। इसके कारण आप अपने परिवार को अधिक समय नहीं दे पाएंगे। आप व्यावयासिक मोर्चे पर अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों को संभालने में सक्षम होंगे। आप अधिक से अधिक साहस करने के लिए प्रेरित होंगे। नौकरीपेशा जातकों के लिए आगे बढ़ने हेतु काफी उर्जा का स्तर काफी अच्छा रहेगा। इसे आप अपने कल्याण के लिए उपयोग करें। दूसरों की शिकायत करने से बचें। आपको वरिष्ठों और सहकर्मियों से थोड़ी सावधानी रखने की जरुरत है। दस्तावेजी कार्यों और सरकारी कार्यों से सम्बंधित फाइलों को पूरा करके रखें। व्यवसायिक विस्तार के लिए आप पहल कर सकते हैं, इसके लिए आत्मविश्वास से भरी यात्रायें भी हो सकती हैं। नए उत्पाद या सेवा की शुरुआत के लिए समय शुभ है। व्यापार-व्यवसाय में भागीदारी के काम से लाभ होगा, आय बढ़ेगी।

rashi
तुला
राशिस्वामी शुक्र सप्तम भाव में हैं। धनेश मंगल भाग्य भाव में राहू के साथ विराजमान हैं। वक्री गुरु धन भाव में हैं। लाभेश सूर्य अष्टम भाव में बुध के साथ विराजमान हैं। आप कुछ नया साहस कर अपनी आमदनी में वृद्धि करेंगे। खेल-कूद गतिविधियों से जुड़े जातक इस समय कुछ महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं। लंबी दूरी की यात्रा के लिए समय अनुकूल है एवं लाभ होने की संभावनाएं भी प्रबल हैं। लेकिन साहस और दंभ के कारण गैर-कानूनी तरीका अपनाने से आपकी परेशानी बहुत बढ़ जाएगी। वैसे भी आर्थिक मोर्चे पर आपको यथेष्ट सफलता मिल रही है। उधारी या ऋण संबंधित कार्य तेजी गति से आगे बढ़ेंगे। आपको नए साहस से लाभ होने की संभावना है। भागीदारी के कार्यों में भी सावधानी से आगे बढ़ सकते हैं, लेकिन इसमें आपको कम लाभ होने की संभावना है। आपको भाग्य का साथ काफी कम मिलेगा, किंतु आप की मेहनत का फल आपको निश्चित मिलेगा। करियर से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले के लिए समय अच्छा है। कानूनी काम सोच-समझ कर सुलझा लें, लटका कर रखने की वृत्ति नुकसानदायक होगी। निवेश संबंधी निर्णय लेने में विलम्ब हो सकता है। खुदरा व्यापारियों को दैनिक आय में वृद्धि देखने को मिल सकती है। नौकरीपेशा लोग अपने नवीनतम आइडिया से अपने उच्चाधिकारियों को प्रभावित कर सकते हैं।

rashi
वृश्चिक
आपके राशिस्वामी मंगल अष्टम भाव में राहू के साथ युति में अंगारक योग बना रहे हैं। धनभाव के स्वामी गुरु वक्री होकर आपकी राशि में ही विराजमान हैं। लाभेश बुध सप्तम भाव से सूर्य के साथ गोचर कर रहे हैं। वक्री शनि और केतु धन भाव में युति बनाये हुए हैं। आप में साहस वृत्ति अधिक रहेगी। आप व्यावसायिक क्षेत्र में कुछ नया कर सकते हैं। लेकिन अपने साहसिक तत्व को सकारात्मक दिशा में लगाएं। कुछ नया करने के चक्कर में अनावश्यक धन के दुरुयोग और बर्बादी से बचना होगा। इस सप्ताह आपके अभी तक अटके हुए आर्थिक प्रश्नों का समाधान होगा अथवा आशा की किरण दिखेगी। वाणिज्य-व्यापार करने वालों के टर्नओवर और मुनाफे में वृद्धि होने से आपकी आर्थिक संपन्नता बढ़ेगी। सरकारी कामकाज कर रहे जातकों के लिए नौकरी में स्थानांतरण के साथ पदोन्नति और वेतन में अच्छी बढ़ोतरी होने की संभावना है। कार्यस्थल पर अधिकारीवर्ग का पूर्ण समर्थन और उत्साहवर्धन मिलेगा। किसी भी मामले में कोई जल्दबाजी ना करें। विरोधियों की सक्रियता के कारण कुछ महत्वपूर्ण कार्यों के लिए धन की किल्लत महसूस हो सकती है। इस समय सावधान भी रहने की जरुरत है, क्योंकि धोखा और धनहानि भी हो सकता है। कुल मिलाकर आपको सभी मामलों में थोड़ा संभलकर ही रहना होगा।

rashi
धनु
आपकी राशि से धनभाव के स्वामी शनि महाराज वक्री होकर केतु के साथ गोचर कर रहे हैं इसलिए साढ़े-साती के बावजूद स्थिति उत्तम रहेगी। लाभ भाव के स्वामी शुक्र आपके पांचवें भाव से गोचर कर रहे है। राशिस्वामी गुरु वक्री होकर बारहवें भाव से गोचर कर रहे हैं। लंबित पड़े कार्य आगे बढ़ेंगे और व्यवसाय से जुड़े विवादित मामलों में सकारात्मक समाधान निकलेगा। व्यावसायिक आमदनी में यथायोग्य वृद्धि की संभावना है। यदि आप चाहें तो व्यवसाय में नर्इ तकनीक का समावेश कर सकते हैं। निवेश करते समय दूसरों की बातों में न आएं एवं हर पहलू पर विचार करें। बल्कि अभी जोखिम भरे निवेश से अलग ही रहें। नौकरीपेशा जातकों के लिए समय काफी अच्छा है। इस समय जातकों का व्यक्तिगत विकास भी होने की संभावना है। यदि आप नौकरी बदलना चाहते हैं तो समय अनुकूल है। इस अवधि में आप अपनी आर्थिक स्थिति को लेकर पहले से अधिक सक्रिय हो जायेंगे। आप वित्तीय अनुशासन और प्रबंधन पर समीक्षा करेंगे और व्यवसायिक व्यय में कमी लाने का प्रयास करेंगे। कठोर निर्णय लेते समय दुविधा और संकोच की स्थिति से बचें। आपका आत्मविश्वास ही आपका मार्गदर्शन करेगा। नया कामकाज भी आयेगा और थोड़ा जोखिम भी आप लेंगे। यदि व्यर्थ के खर्चे से बचें तो आपके लाभ संचय का रूप ले सकेंगे।

rashi
मकर 
आपका राशिस्वामी और धनभाव के स्वामी शनि वक्री होकर आपके व्यय भाव से केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। मंगल आपके लाभ भाव के स्वामी हैं और छठे स्थान से राहू के साथ गोचर कर रहे हैं। मंगल और शनि आपस में समसप्तम दृष्टि बनाये हुए हैं। आपको आर्थिक खींचतान का सामना करना पड़ेगा। आपकी रोजमर्रा की आमदनी में अधिक बदलाव नहीं होगा, हालांकि, आपके खर्च अचानक बढ़ जाएंगे। इस समय साहसिक वृत्ति का स्तर इतना अधिक होगा कि आप कुछ करने के लिए दूर तक सोचना भी नहीं चाहेंगे। यह व्यक्तिगत एवं पेशेवरजीवन दोनों पर लागू होगा। सरकारी कार्यों एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों से आपको लाभ मिलने की पूर्ण संभावनाएं हैं। यदि पैसों को लेकर कोई विवाद चला आ रहा था तो वह दूर होगा। आपको चाहिए कि इस समय दूसरे के बहकावे में आकर कोई आर्थिक निर्णय न लें। कोई भी जोखिम भरा निवेश करने से बचें, अन्यथा यह आपके लिए नुकसान का सौदा हो सकता है। पैतृक संपत्ति से जुड़े मामलों में सकारात्मक एवं स्वीकार्य समाधान सामने आएंगे। नौकरीपेशा जातकों को प्रगति के लिए इस सप्ताह अच्छे अवसर मिलेंगे। आप पदोन्नति के साथ कंपनी की तरफ से अधिक सुख सुविधा मिलने की उम्मीद रख सकते हैं। छोटी-मोटी गलतियों के बावजूद अपने विरोधियों पर आप भारी रहेंगे।

rashi
कुम्भ 
आपका राशिस्वामी शनि वक्री होकर आपके लाभ भाव से केतु के साथ गोचर कर रहे हैं। गुरु आपके धनभाव और लाभभाव दोनों के स्वामी हैं और वक्री होकर आपके कर्मभाव से गोचर कर रहे हैं। आप शनि से रुष्ट हैं। इस सप्ताह की शुरुआत में आप मानसिक तौर पर व्याकुल रहेंगे। इस समय आमदनी का प्रवाह कम रहेगा। हालांकि, आकस्मिक खर्च की पूर्ण संभावना है। इसलिए धन खर्च से पूर्व आप हर पक्ष पर ध्यान दें अन्यथा धन की कमी के कारण महत्वपूर्ण कार्य अटक जाएंगे। इस सप्ताह आपको प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी चुनौती मिल सकती है। यदि इस सप्ताह पैसे देने वाले अपने वादे पर खरा उतरने से चूक गए तो पैसा डूबने का ख़तरा बढ़ सकता है। आप किसी आर्थिक मुद्दे को लेकर यात्रा कर सकते हैं। यदि सजग रहे तो कुछ बैंक बैलेंस भी बना सकते हैं। सप्ताह का मध्य भाग आर्थिक मामलों के लिए ठीक है। इस समय आर्थिक मामले को लेकर की गई यात्रा सफल रहेगी। किसी नए मित्र की सहायता से धनार्जन हो सकता है। हिस्सेदारी या सरकारी कार्यों में आपको मुश्किल परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है। टैक्स और कस्टम संबंधित कानूनी कार्रवाई आपको परेशान कर सकती है। आप जो भी कागजी़ कार्यवाही करते हैं उसे ध्यान से करें। अपने जरूरी कागजातों का ध्यान रखें।
विज्ञापन

rashi
मीन 
राशिस्वामी गुरु वक्री होकर भाग्यभाव में गोचर कर रहे हैं। धनभाव के स्वामी मंगल चतुर्थ भाव से राहू के साथ गोचर कर रहे हैं। शनि लाभ भाव के स्वामी हैं और वक्री होकर केतु के साथ आपके कर्मस्थान में विराजमान हैं। आर्थिक स्थिति की बात करें तो आपको स्थिर गति से धन का प्रवाह मिल सकेगा। पूर्व में किये गए प्रयासों का धन अब मिल सकता है और पुरानी उधारी भी वसूल हो सकती है। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी, लेकिन उसके कारण आपके मन में अहंकार नहीं आना चाहिए, इस बात का विशेष ध्यान रखें। कोर्इ सरकारी जांच एवं कानूनी मामला आपको धन खर्च करने पर मजबूर कर सकता है। यदि संभव हो तो पहले से धन का प्रबंधन करके रखें। आप की नियमित आवक निरंतर बनी रहेगी। आपकी मुलाकात प्रतिष्ठित लोगों के साथ हो सकती है एवं इससे आपको काफी लाभ भी मिल सकता है। आपकी तर्क शक्ति भी काफी अच्छी रहेगी, लेकिन अधिक विचारशीलता एवं चिंतन के कारण आपके बहुत महत्वपूर्ण निर्णय अटक सकते हैं। नौकरीपेशा जातक धीमी गति से आगे बढ़ेंगे। सहकर्मी आपकी प्रगति में बाधा डालने का प्रयास कर सकते हैं। उच्चाधिकारियों से उलझने से परहेज करें, भले ही आप सही हों। व्यवसाय की व्यस्तता के कारण आपको अनेक चुनौतियों और परेशानियों का सामना भी करना पड़ सकता है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें