हिंदू धर्म में विश्वकर्मा जयंती को विशेष महत्व दिया गया है। विश्वकर्मा पूजा के दिन विशेष तौर पर औजारों, निर्माण कार्य से जुड़ी मशीनों, दुकानों, कारखानों आदि की पूजा की जाती है। इसके अलावा इस विशेष अवसर पर कुछ विशेष उपाय करने पर व्यक्ति को कई तरह के लाभ मिलते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि विश्वकर्मा पूजा के दिन कौन से उपाय किए जा सकते हैं, जिससे घर की परेशानियां दूर हो सकती हैं।
इस साल सूर्य का कन्या राशि में प्रवेश 16 सितंबर 2024 को शाम 07:47 बजे होगा। लेकिन शाम के समय विश्वकर्मा जी की पूजा नहीं की जाती है। इसलिए 17 सितंबर 2024 को ही विश्वकर्मा पूजा यानी विश्वकर्मा जयंती मनाई जाएगी। इस दिन पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 11:08 बजे से लेकर दोपहर 01:43 बजे तक है।
आर्थिक तंगी दूर करने के उपाय
यदि आपको आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है, या घर में सुख-शांति की कमी है तो आपको प्रात: काल स्नान आदि कार्य करने के बाद घर के मंदिर में भगवान विश्वकर्मा की तस्वीर स्थापित करनी चाहिए। इसके बाद उनके सामने कलश रखें। इस कलश में जल भरें और देवता को अक्षत, फल, फूलों से बनी माला, चंदन, सुपारी और पीली सरसों आदि अर्पित करें। इस उपाय को सच्चे मन से करने से जल्द ही आपकी सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं।
विश्वकर्मा जयंती के दिन भगवान विश्वकर्मा की सच्चे मन से उपासना करने के बाद हाथ में फूल और अक्षत लें। इसके दौरान विश्वकर्मा जी को समर्पित मंत्रों का तीन बार जाप करें और फिर हाथ में मौजूद अक्षत का घर की चारों दिशाओं में छिड़काव कर दें। ऐसा करने से घर में सकारात्मकता का वास होगा और घरवालों का स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
डिस्क्लेमर (अस्वीकरण): ये लेख लोक मान्यताओं पर आधारित है। यहां दी गई सूचना और तथ्यों की सटीकता, संपूर्णता के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है।