सिंह राशि के जातकों को इस सप्ताह इस बात का पूरा ख्याल रखना होगा कि सावधानी हटी, दुर्घटना घटी। जी हां, इस सप्ताह आपको अपने कार्यक्षेत्र और निजी जीवन में बेहद सधे हुए कदमों से आगे बढ़ने की जरूरत है। इस सप्ताह रोजी-रोजगार के क्षेत्र में मनचाही सफलता पाने के लिए आपको अधिक परिश्रम करने की आवश्यकता रहेगी। कार्यक्षेत्र में गुप्त शत्रुओं से सावधान रहें और लोगों की छोटी-मोटी बातों पर ध्यान न दें। इस दौरान आपके विरोधी आपको लक्ष्य से भटकाने का प्रयास कर सकते हैं। इस सप्ताह वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं और अपनी सेहत का पूरा ख्याल रखें। कोई पुरानी बीमारी एक बार फिर से उभरने की आशंका है। कोर्ट-कचहरी में चल रहे मामले को बाहर निबटा लेने का अवसर मिले तो बिल्कुल न चूकें। प्रेम संबंध में सोच-समझकर आगे बढ़ें और लव पार्टनर के निजी जीवन में जरूरत से ज्यादा दखलंदाजी करने से बचें। कठिन समय में आपका जीवनसाथी आपके साथ परछाईं की तरह रहेगा।
उपाय : प्रातःकाल उगते हुए सूर्यदेव को ' ॐ घृणिः सूर्याय नमः ' मंत्र पढ़ते हुए जल चढ़ाएं और आदित्य हृदय स्तोत्र का पाठ करें।