पराक्रमी ग्रह पृथ्वीपुत्र मंगल 25 दिसंबर की रात्रि 9 बजकर 25 मिनट पर तुला राशि की यात्रा संपन्न करके अपनी राशि वृश्चिक में प्रवेश करेंगे। जहां पर यह 7 फरवरी 2020 की मध्य रात्रि पश्चात 03 बजकर 48 मिनट तक रहने के बाद धनु राशि में प्रवेश करेंगे। मंगल के बृश्चिक राशि में प्रवेश के साथ ही भारतवर्ष में बढ़ी हुई अराजकता पर काफी हद तक पर विराम लगेगा।
स्वतंत्र भारत की वृषभ लग्न की कुंडली में मंगल सप्तम केंद्र भाव में चले जाएंगे और पूर्ण दृष्टि से कर्मभाव, लग्नभाव और धनभाव को देखेंगे फलस्वरूप शासन सत्ता कठोर निर्णय लेने के लिए नहीं हिचकेगी। मंगल का गोचर भारतवर्ष की प्रभाव राशि कर्क के पंचम भाव में होगा, जिसके फलस्वरूप इनके प्रभाव में शुभता अधिक रहेगी और सरकार द्वारा जनता को अपनी नीतियां समझाने में आसानी होगी।
फलित ज्योतिष में मंगल को जमीन-जायदाद, आग्नेयास्त्रों, सेना, पुलिस विभाग, अग्निशमन सेवा, गोला बारूद से संबंधित कार्य, इंजीनियरिंग एवं कुशल प्रशासनिक शक्ति आदि का कारक माना जाता है। जन्मकुंडली में शुभ एवं बलवान मंगल जातक को हर समय उर्जा से ओतप्रोत रखते हुए स्वास्थ्य पर अनुकूल प्रभाव डालते हैं ।
भारतवर्ष के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कुंडली वृश्चिक लग्न है और राशि भी बृश्चिक ही है अतः राशि में मंगल का गोचर उनके स्वयं के लिए तो अच्छा रहेगा ही वह जनता तक अपनी बात पहुंचाने एवं समझाने में सफल भी होंगे। अतः हम ऐसा मान सकते हैं कि मंगल का गोचर देश में बढ़े हुए तनाव में कमी लाएगा।
मेष और वृश्चिक राशि के स्वामी मंगल कर्क राशि में नीच एवं मकर राशि में उच्च राशिगत संज्ञक माने गए हैं। जिन जातकों की जन्म कुंडलियों में मंगल की स्थिति जन्म लग्न से, पहले, चौथे, सातवें, आठवें एवं बारहवें भाव में रहती है उन्हें मांगलिक माना गया है दक्षिण भारत के ज्योतिषी जन्म कुंडलियों में लग्न से द्वितीय भाव में मंगल होने पर भी मांगलिक मानते हैं । इनका अपनी राशि बृश्चिक में आने से सभी बारह राशियों पर प्रभाव कैसा रहेगा इसका ज्योतिषीय विश्लेषण करते हैं।
मेष राशि- राशि से आठवें भाव में मंगल का गोचर प्रभाव एवं पराक्रम की वृद्धि कराएगा। स्वास्थ्य पर भी अनुकूल प्रभाव रहेगा। इनके वृश्चिक राशि के गोचर के समय मेष लग्न में पैदा होने वाले जातक को निर्दोष मांगलिक की संज्ञा दी जाएगी। इनकी लाभभाव पर दृष्टि के फलस्वरूप आय के एक से अधिक साधन बनेंगे। रुका हुआ धन आएगा किंतु सयंम बनाये रखें और परिवार में कलह पैदा न होने दें।
rashifal 2020
- फोटो : rashifal 2020
वृषभ राशि- राशि से सप्तम भाव में मंगल मांगलिक कार्यों का योग तो बनाएंगे ही साथ ही विवाह संबंधित मामले शीघ्रता से हल होंगे। केंद्र अथवा राज्य सरकारके किसी भी संस्थान में सर्विस हेतु आवेदन करना चाह रहे हों तो परिस्थितियां अनुकूल हैं। व्यापार आरंभ करना अथवा स्थान परिवर्तन के लिए आवेदन करना भी सफल रहेगा। वृश्चिक राशि के मंगल गोचर के समय बृषभ लग्न में पैदा होने वाले जातक भी निर्दोष मांगलिक माने जाएंगे।
rashifal 2020
- फोटो : rashifal 2020
मिथुन राशि- राशि से छठे शत्रुभाव में मंगल का गोचर कोर्ट कचहरी के मामलों में तो शुभ परिणाम लाएगा ही आपको शत्रु मर्दी भी बनाएगा। अपने अदम्य साहस के बल पर आप कठिन से कठिन हालात पर नियंत्रण पा लेंगे और आपके द्वारा लिए गए निर्णय की सराहना भी होगी। इनकी व्यय भावपर दृष्टि के परिणाम स्वरूप आपको यात्राएं अधिक करनी पड़ेगी और दुर्घटना से बचना पड़ेगा अतः वाहन सावधानी पूर्वक चलाएं।
rashifal 2020
कर्क राशि- कर्क राशि वालों के लिए मंगल का अपनी ही राशि में होकर पंचम भाव में जाना किसी वरदान से कम नहीं है। विद्यार्थीगण शिक्षा प्रतियोगिता में अच्छी सफलता हासिल करेंगे किंतु प्रेम संबंधी मामलों में निराशा हाथ लग सकती है। यात्रा देशाटन का पूर्ण आनंद मिलेगा। विदेश यात्रा हेतु वीजा आदि का निवेदन करना चाह रहे हों तो परिस्थितियां अनुकूल हैं लाभ उठा सकते हैं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें।
राशि
सिंह राशि- राशि से चतुर्थ भाव में मंगल रूचक योग का निर्माण करेंगे, अतः जमीन जायदाद से जुड़े मामलों का निपटारा होगा। मकान अथवा वाहन का क्रय करना चाह रहे हो तो अवसर अच्छा है उच्चाधिकारियों से मधुर संबंध बनाकर रखें। शासन सत्ता का भरपूर लाभ उठाएं। नए अनुबंध की प्राप्ति के भी योग है। वृश्चिक राशि में मंगल के गोचर के समय सिंह लग्न में जन्म लेने वाले जातकों की भी निर्दोष मांगलिक संज्ञा होगी।
rashifal 2020
- फोटो : rashifal 2020
कन्या राशि- राशि से पराक्रम भाव में मंगल का गोचर आपको अति उत्साही बनाएगा, कई बार अपनी जिद और आवेश में आप ऐसे निर्णय ले लेंगे जिसका परिवार में विरोध भी होगा अतः भाइयों से मतभेद पैदा होने दें। इनकी भाग्य एवं कर्म भाव पर दृष्टि आपके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। विदेश यात्रा के योग और मांगलिक कार्यों का शुभ अवसर आएगा। नए अनुबंध की प्राप्ति एवं पद और गरिमा के वृद्धि होगी।
rashifal 2020
तुला राशि- आपके लिए कुटुंब भाव में मंगल का प्रवेश पारिवारिक दृष्टि से शुभ रहेगा और किसी महंगी वस्तु का क्रय ही करेंगे, किन्तु इस अवधि के मध्य अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। झगड़े विवाद से बचें और कोर्ट कचहरी के मामले बाहर ही निपटा लें तो बेहतर रहेगा । किसी भी तरह के अधिक कर्ज के लेनदेन से बचें। व्यापारी वर्ग के लिए यह गोचर अपेक्षाकृत और बेहतर रहेगा।
rashifal 2020
बृश्चिक राशि- इस राशि में मंगल का गोचर सर्वाधिक प्रभावशाली परिणाम देने वाला है। यह मंगल की अपनी राशि है अतः इस राशि वाले जातक कोई भी बड़े से बड़ा कार्य अथवा निर्णय लेना चाहें तो उसमें सफलता अवश्य मिलेगी। यहां पर मंगल रुचक योग का निर्माण भी करेंगे जिसके फलस्वरूप जमीन से जुड़े मामलों में शुभ समाचार मिलेंगे। प्रशासनिक क्षमता बढ़ेगी और नौकरी में उन्नति एवं नए अनुबंध प्राप्ति के योग।
rashifal 2020
धनु राशि- राशि से बारहवें भाव में मंगल का गोचर मिलाजुला फल देगा एक तरफ तो ये अधिक भागदौड़ और व्यय आर्थिक तंगी ला सकता है किंतु दूसरी ओर इनकी दृष्टि के प्रभाव से बिगड़े कार्य बनते नजर आएंगे। शिक्षा एवं स्वास्थ्य की दृष्टि से यह परिवर्तन आपके लिए बेहतर रहेगा। इस राशि पर गोचर के समय धनु लग्न में पैदा होने वाले जातक भी निर्दोष मांगलिक संज्ञक माने जाएंगे।
rashifal 2020
मकर राशि- आपकी राशि से लाभभाव में मंगल का गोचर सभी अरिष्टों का शमन कर देगा। कोई भी बड़े से बड़ा कार्य अथवा निर्णय लेना चाहे तो सफलता अवश्य मिलेगी किंतु परिवार के वरिष्ठ लोगों से मधुर संबंध बनाकर रखें। रोजगार की दिशा में किया गया हर प्रयास सार्थक रहेगा। नव दंपति के लिए संतान प्राप्ति अथवा प्रादुर्भाव का भी योग बन रहा है। यदि आप विद्यार्थी हैं तो प्रतियोगिता में सफलता की संभावना सर्वाधिक रहेगी।
rashifal 2020
कुंभ राशि- राशि दशमभाव में रूचक योग बनाकर मंगल का गोचर आपके लिए वरदान सिद्ध होगा। लोग प्रशासनिक क्षमता का लोहा मानेंगे और लिए गए निर्णय की सराहना होगी। पुलिस अथवा सेना आदि जैसे विभागों में भर्ती होना चाह रहे हो अथवा कोई कार्य करवाना चाह रहे हो तो प्रयास तेज करें सफलता की संभावना सर्वाधिक है यदि किसी भी तरह का चुनाव भी लड़ना चाहें तो यह समय अनुकूल है।
rashifal 2020
मीन राशि- राशि से भाग्य भाव में मंगल का गोचर यात्रा देशाटन का लाभ तो दिलाएगा ही साथ ही मांगलिक कार्यों पर व्यय भी करवाएगा। यदि आप विदेश जाने के लिए वीजा अधिक आवेदन करना चाह रहे हों तो अवसर अनुकूल है। अपनी रणनीतियों को गोपनीय रखते हुए कार्य में लगे रहेंगे तो सफलता की संभावना सर्वाधिक रहेगी। मकान एवं वाहन के का योग बन रहा है। परिवार में आपसी मेलजोल बनाकर रखें।