साल का आखिरी चंद्र ग्रहण 07 सितंबर को लगेगा
- फोटो : adobe stock
Chandra Grahan 2025: 07 सितंबर को साल का दूसरा चंद्र ग्रहण लगेगा। ग्रहण का खगोलीय और धार्मिक नजरिए से विशेष महत्व होता है। वैदिक ज्योतिष शास्त्र के नजरिए से ग्रहण का प्रभाव देश-दुनिया पर देखने को मिलेगा वहीं हिंदू धर्म में ग्रहण को बहुत ही अशुभ माना जाता है। ग्रहण के दौरान पूजा-पाठ करना वर्जित होता है और मंदिरों के कपाट को बंद कर दिया जाता है। साल का यह दूसरा चंद्र ग्रहण भाद्रपद माह की पूर्णिमा तिथि को लगेगा, जिसमें यह एक पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा। जिसके कारण से इसे ब्लड मून भी कहा जा रहा है। आइए जानते हैं साल के इस आखिरी चंद्र ग्रहण के बारे में सबकुछ।
साल का आखिरी चंद्र ग्रहण
साल का यह आखिरी चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार 07 सितंबर को रात 09 बजकर 57 मिनट से आरंभ हो जाएगा जो 08 सितंबर की रात को 01 बजकर 26 मिनट तक चलेगा। ग्रहण का स्पर्श काल रात 11 बजकर 09 मिनट से शुरू होगा और रात 11 बजकर 42 मिनट पर चंद्र ग्रहण का मध्यकाल होगा। ग्रहण का मोक्ष काल 12 बजकर 23 मिनट से शुरू होगा। यह चंद्र ग्रहण लगभग 4 घंटे चलेगा।
साल का आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में दिखेगा या नहीं
साल का यह आखिरी चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देगा। जिसके चलते सूतक काल प्रभावी रहेगा। भारत में यह चंद्र ग्रहण लगभग सभी राज्यों में दिखाई देगा। वहीं भारत के बाहर इस चंद्र ग्रहण को अमेरिका, हिंदू महासागर, यूरोप, एशिया, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीका में दिखाई देगा।
चंद्र ग्रहण का सूतक काल
हिंदू धर्म में ग्रहण को अच्छा नहीं माना जाता है। ग्रहण के दौरान सभी तरह के शुभ कार्य वर्जित हो जाते हैं। इसके अलावा ग्रहण लगने के कुछ घंटे पहले सूतक काल लग जाता है। सूतक लगने पर किसी भी तरह का शुभ और मांगिलक कार्य करने की मनाही होती है। हिदू धर्म में चंद्र ग्रहण के शुरू होने से पहले करीब 9 घंटे पहले ही सूतक काल आरंभ हो जाता है। भारत में सूतक काल ग्रहण के लगने से पहले दोपहर 12 बजकर 57 मिनट से शुरू हो जाएगा जो ग्रहण के खत्म होने के साथ खत्म भी हो जाएगा।
इस राशि में लगेगा चंद्र ग्रहण
वैदिक ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, साल का यह चंद्र ग्रहण करीब 4 घंटे तक चलेगा। जिस दौरान चंद्रमा पर ग्रहण लगेगा उसमें चंद्रमा कुंभ राशि में होगा, जहां पर पहले से राहु विराजमान होंगे। अगर चंद्र ग्रहण में नक्षत्र की बात करें तो चंद्रमा पूर्वाभाद्रपद और शतभिषा नक्षत्र में पड़ेगा।