जिन लोगों का जन्मदिन किसी भी महीने की 2, 11, 20 और 29 तारीख को है उनका मूलांक दो होता है। अंकज्योतिष के अनुसार इस मूलांक वाले व्यक्ति को वैसे लोग ज्यादा पंसद आते हैं जिनका जन्मदिन किसी भी महीने की 7, 16 अथवा 25 तारीख को होता है। इन तिथियों में जन्म लेने वाले व्यक्ति मूलांक 7 के अंतर्गत आते हैं।
अंक ज्योतिष के अनुसार मूलांक दो वाले व्यक्ति चन्द्रमा के धनात्मक प्रभाव में होते हैं। इसलिए यह बहुत ही भावुक, संवेदनशील और काल्पनिक होते हैं। किसी भी विषय पर यह बहुत अधिक सोच-विचार करते हैं। चन्द्रमा जैसे घटता-बढ़ता रहता है उसी प्रकार इनका मूड भी बदलता रहता है। यही कारण है कि इन्हें समझना कठिन होता है।
अंक सात को चन्द्रमा का ऋणात्मक कहा गया है जो केतु के प्रभाव में होता है। धनात्मक और ऋणात्मक के मेल से वैवाहिक जीवन खुशहाल होता है। चुम्बक का धनात्मक और ऋणात्मक पोल जैसे एक दूसरे को आकर्षित करता है उसी प्रकार मूलांक 2 और मूलांक 7 वाले के बीच आकर्षण रहता है।
अंक ज्योतिष कहता है कि अगर मूलांक 2 वाले की शादी मूलांक 7 वाले से हो तो इनके वैवाहिक जीवन में आपसी तालमेल बना रहता है। मूलांक 9 वाले के साथ भी इनका दांपत्य जीवन ठीक रहता है। अन्य मूलांक वाले के साथ विवाह होने पर परिवार में अक्सर तनाव बना रहता है।