मौनी अमावस्या शुक्रवार सुबह प्रातः 8 बजकर 3 मिनट से लेकर शनिवार तड़के 4 बजकर 29 मिनट तक रहेगी। ज्योतिष मान्यता के अनुसार अमावस्या के दिन सूर्य व चन्द्रमा के साथ रहने से चन्द्रमा तेजहीन हो जाता है। चन्द्रमा मन का नियंत्रक होता है, इसलिए इस दिन मन की स्थिति विचलित रहती है। सूर्य भी शनि की राशि में होते हैं, इसलिए मौनी अमावस्या के दिन मौन व्रत रखकर दान पुण्य करने से मानसिक ऊर्जा का संतुलन बना रहता है।
सूर्य और चन्द्रमा का मकर राशि में अमावस्या के दिन होने से प्राणदायिनी ऊर्जा का सृजन जल में होता है। पवित्र नदियों में स्न्नान करने से जहां शरीर का शुद्धिकरण होता है, वहीं मौन व्रत धारण कर दान-पुण्य करने से मन की अशुद्धियां दूर होती हैं। इस दिन मौन धारण कर दान करने वाले प्राणी को मुनिपद की प्राप्ति होती है। मौनी अमावस्या के दिन राशि के अनुसार वस्तुओं का दान करने से समस्त पापों से मुक्ति मिलती है, घर में सुख-समृद्धि का वास होता है।
मेष व वृश्चिक राशि
मेष तथा वृश्चिक राशि के जातकों को मौनी अमावस्या के दिन लाल मसूर की दाल, लाल चंदन, लाल वस्त्र,तांबा और सिंदूर दान करने से लाभ होगा।
तुला और वृषभ राशि
तुला अथवा वृषभ राशि के जातक को मौनी अमावस्या के दिन सफेद वस्त्र, कपूर, अगरबत्ती, दही, चावल, चीनी, दूध आदि का दान करना चाहिए।
मिथुन और कन्या राशि
इस राशि के जातक को मौनी अमावस्या के दिन हरी सब्जी, हरी दाल, हरा फल, हरा वस्त्र आदि का दान करना चाहिए।
कर्क राशि
कर्क राशि के जातक को दूध,दही, चावल, सफेद वस्त्र, चीनी, मोती, शंख, कपूर आदि का दान करना शुभ रहता है।
सिंह राशि
गेहूं, गुड़, लाल वस्त्र, लाल पुष्प, लाल चन्दन, माणिक्य, शहद, केसर, घी, कुमकुम आदि दान करें।
धनु और मीन राशि
धनु अथवा मीन राशि के जातक को इस दिन पीला वस्त्र, हल्दी, पीला अनाज, केला, धार्मिक पुस्तक, केसर, चने की दाल आदि का दान करना चाहिए।
मकर और कुंभ राशि
इन राशि के जातक को मौनी अमावस्या के दिन काला तिल, काला वस्त्र, लोहा, काली उड़द की दाल, काला फूल , चमड़े की चप्पल, काली मिर्च,काजल आदि का दान करना चाहिए।