हिंदू धर्म में गंगा को बहुत पवित्र नदी माना गया है। गंगा को मां कहकर संबोधित किया जाता है। गंगा को भवतारिणी कहा गया है। माना जाता है कि गंगा में स्नान करने से व्यक्ति के पापकर्मों का नाश होता है। गंगाजल का प्रयोग पूजा पाठ के कार्यों में भी किया जाता है। गंगाजल को घर में रखने से नकारात्मकता का नाश होता है। ज्यादातर हिंदू धर्म को मानने वाले घरों में गंगाजल अवश्य रखा होता है। यदि आप भी अपने घर में गंगाजल रखते हैं तो उसे सही प्रकार से रखना बहुत आवश्यक होता है। तो चलिए जानते हैं कि गंगाजल को घर में रखते समय किन बातों को ध्यान में रखना आवश्यक होता है।
- गंगाजल बहुत पवित्र होता है यदि आपके घर में गंगाजल रखा हुआ है तो ध्यान रखें कि जिस कमरे में आपने गंगाजल रखा है वहां मांस-मदिरा का सेवन न करें।
- गंगाजल को हमेशा घर के ईशान कोण में ही रखना चाहिए,क्योंकि यह दिशा देवी-देवताओं का स्थान बनाने की दिशा बताई गई है।
- ज्यादातर गंगाजल को मंदिर में ही रखना सही माना जाता है। यदि किसी कमरे में गंगाजल रखा है तो उस स्थान की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
- गंगाजल रखते समय ध्यान रखें कि वह किसी अंधेरे कमरे या अंधकार वाले कोने में न रखा गया हो।
- यदि आपको किसी कार्य के लिए गंगाजल का प्रयोग करना है तो सबसे पहले अपने हाथों को धो लें और गंगाजल निकालने से पहले प्रणाम करें।
- गंगाजल को हमेशा चांदी या तांबे के बर्तन में ही रखना चाहिए।
- ज्यादातर लोग गंगाजल प्लास्टिक की बोतल में रखते हैं जोकि गलत होता है।
- गंगाजल को भूलकर भी गंदे हाथों से स्पर्श नहीं करना चाहिए।