मूलांक व्यक्ति के जन्म की तारीख का योग होता है अर्थात् जिस तारीख को आपका जन्म हुआ होगा, उस तारीख का योग ही आपका मूलांक कहलाता है। अगर आपका जन्म 1 से 9 तारीख के बीच हुआ है तो आपका मूलांक यही होगा। वही अगर 10 से 31 के बीच किसी तारीख को आपका जन्म हुआ है तो इन दोनों अंको का योग ही आपका मूलांक कहलाता है। जैसे यदि आपका जन्म 24 तारीख को हुआ है तो मूलांक 6 होगा।
स्वभाव
इस मूलांक से प्रभावित जातक प्रबल स्वाभिमानी, अदम्य साहसी एवं स्वभाव से उग्र होते हैं। जीवन के 27वें या 36वें वर्ष में लक्ष्य प्राप्ति में सफल रहते हैं। विपरीत बात सहन करना इनके लिए कठिन होता है। अनुशासन के परम भक्त ये जातक मानवीय भावनाओं से ओत प्रोत होते हैं। दाम्पत्य जीवन में वैचारिक मतभेद बने ही रहते हैं।
इस वर्ष में मिलने वाली सफलताएं
इस वर्ष मन में व्याप्त निराशा से मुक्ति मिलेगी। पूर्व नियोजित योजनाओं में सफलता से उत्साहित रहेंगे। आर्थिक क्षेत्र में समृद्धि की ओर बढ़ेंगे। शुभचिंतकों की संख्या में वृद्धि होगी। समाज में मान सम्मान बढ़ेगा। संतान सुख में वृद्धि होगी। विदेश यात्रा का अवसर मिल सकता है। लेखन कार्य में लगे जातकों को वर्ष महत्वपूर्ण रहेगा। रोजगारपरक परीक्षाओं में सफलता एवं इंजीनियरिंग, शिक्षा, वकालत, बैंक, न्याय क्षेत्र, विज्ञापन, पुलिस आदि क्षेत्रों में करियर बनाने के अवसर मिलेंगे। व्यावसायिक उन्नति एवं लाभ से व्यवसायी वर्ग उत्साहित रहेगा। जमा पूंजी में वृद्धि होगी। व्यवसाय विस्तार के नए क्षेत्र मिलेंगे। न्याय क्षेत्र, बैंक, शिक्षा, पुलिस आदि क्षेत्रों में सेवारत जातकों की अनुकूल स्थानान्तरण या प्रमोशन की इच्छा पूर्ण होगी। आरोग्य सुख सामान्य रहेगा।