भारत में भी कृषि सांख्यिकी के तहत आंकड़ों के संकलन और इसके विश्लेषण का तरीका बदलेगा। इसके लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के सहयोग से भारत में पहली बार कृषि सांख्यिकी पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। 18 से 21 नवंबर तक चलने वाले इस सम्मेलन का उद्घाटन माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक और समाजसेवी बिल गेट्स करेंगे।
त्रिलोचन महापात्र ने बताया कि इस सम्मेलन में इटली स्थित एफएओ के मुख्य सांख्यिकीविद पिएत्रो जेनारी, यूरोपीय संघ के सांख्यिकी कार्यालय यूरोस्टैट की महानिदेशक मारियाना कोटजेवा और भारत के नीति आयोग के सदस्य प्रोफेसर रमेश चंद मुख्य वक्ता होंगे। इसमें एफएओ, यूएसडीए, यूरोस्टैट, एडीबी, एएफडीबी, विश्व बैंक और 60 से भी अधिक देशों के लगभग 200 अंतरराट्रीय प्रतिनिधि शामिल होंगे। आधुनिक तरीके से कृषि सांख्यिकी का संकलन और विश्लेषण करने से भुखमरी और कुपोषण से लड़ने में भी मदद मिलेगी। इन आंकड़ों की मदद से जलवायु परिवर्तन जैसी बड़ी समस्या से भी निपटा जा सकेगा।