राठ(हमीरपुर)। सरसई गांव में बुधवार को मां बेटे की संदिग्ध हालात में मौत होने की रिपोर्ट कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को दर्ज की है। मृतका के पिता ने सास, ससुर, पति, देवर और ननद के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बुधवार की सुबह सरसई गांव में सचिन राजपूत की पत्नी मनोज कुमारी (22) और उसके दो साल के पुत्र आयुष की संदिग्ध हालात में जलकर मौत हो गई थी। कोतवाली पुलिस ने घटना को करंट लगने और स्पार्किंग से लगी आग से महिला और उसके बच्चे की मौत का कारण बताया था। वहीं अतरौली धगवां निवासी मृतका के पिता भगवान सिंह ने पुत्री को प्रताड़ित कर दहेज की मांग पूरी न होने पर आग लगाकर मार डालने का आरोप लगाया था। तहरीर में बताया कि पहली विदा में ससुराल वालों ने एक मोटर साइकिल और फ्रिज की मांग और रखी थी। जिसके बारे में उनकी बेटी ने जानकारी दी थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर सास तारादेवी, ससुर विश्वनाथ, पति सचिन, देवर रामू व ननद प्रतिमा उसकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे थे। पिता का आरोप है कि ससुराल वालों ने उसकी पुत्री और डेढ़ वर्षीय नाती आयुष को पकड़ कर पीटा और फिर गला दबाकर आग से जला दिया।