भदोही। तहसील में गुरुवार को उपजिलाधिकारी, बी.राम की अध्यक्षता में हुई बीएलओ और संभावित प्रत्याशियों की बैठक का अच्छा नतीजा निकला। बैठक में मौजूद संभावित प्रत्याशियों ने आरोप लगाया कि प्रशासन केवल नाम बढ़ाने पर गंभीर है लेकिन मतदाता सूचियों में जो नाम फर्जी हैं उन्हें कटवाने का कोई प्रयास नहीं किया जा रहा है। कइयों ने तो अपने अपने वार्ड का मतदान केंद्र काफी दूर होने की शिकायत की जिस पर एसडीएम ने भ्रमण कर जानकारी लेने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन की सख्ती की देन थी कि आज तहसील में हुई बैठक में बीएलओ की शत प्रतिशत उपस्थिति रही। भदोही, नईबाजार, सुरियावां आदि निकायों के दो दर्जन से अधिकर संभावित प्रत्याशियों ने भी हिस्सा लिया जिन्होंने कुछ जमीनी हकीकत से एसडीएम को रूबरू कराया। लोगों ने बताया कि जितना ध्यान नाम चढ़वाने के लिए दिया जा रहा है उतना ही ध्यान गलत नामों को कटवाने में भी दिया जाना चाहिए। कई लोगों ने बताया कि एक एक घर जहां 5-5 सदस्य हैं उनमें एक एक दर्जन लोगों के नाम अंकित हैं। यदि फर्जी नामों को सूची से निकाला न गया तो इस अभियान का लाभ नहीं होगा। नईबाजार और भदोही के कई वार्ड प्रत्याशियों ने मतदान केंद्र काफी दूर होने की शिकायत की।
एसडीएम बी.राम ने लोगों से फर्जी नाम कटवाने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ को सख्त हिदायत है। वे आपके घर पहुंचेंगे। यदि किसी का नाम फर्जी ढंग से अंकित है तो आपत्ति फार्म भर कर उन्हें कटवाने में मदद करें। मतदान केंद्रों के दूर होने की शिकायत है तो उन्होंने कहा कि शुक्रवार से वे निकाय क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए निकल रहे हैं और मतदाताओं के हित में यथासंभव सकारात्मक पहल किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित समस्त बीएलओ से डोर टू डोर अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में पूर्व चेयरमैन आरिफ सिद्दीकी, हसनैन अंसारी, पन्नालाल यादव, हाजी इलियास अंसारी, मुशीर इकबाल, विनीत बरनवाल, असगर अली, अकबर अली अंसारी, अशोक यादव, दिलीप जायसवाल, वाहिद अली, कमालुद्दीन अंसारी, राजू खां, मोहर्रम अली, जाकिर अली, भरत जायसवाल, नंदलाल गुप्ता, सतीश गुप्ता, दूधनाथ यादव, बावन गुप्ता, नन्हें गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, नन्हीं खां, चंद्रेश मौर्य, अशोक गुप्ता आदि उपस्थित रहे।