बदायूं। रविवार को बाजार बंदी का दिन है, लेकिन इस दिन भी तमाम दुकानें खुली रहती हैं। रविवार कोे भी यही हाल रहा। दुकानें खुलने से तमाम मजदूरों को आराम नहीं मिल पाया। इस बंदी का पालन कराने वाला श्रम प्रवर्तन महकमा खुद सोया हुआ है। यही कारण है कि हर संडे को भी बाजार खुल रहा है।
रविवार को शहर के मुख्य बाजार, पुराना बाजार में कई दुकानें खुली रहीं। छह सड़का बाजार पूरी तरह गुलजार रहा। यहां एक-दो दुकानों के ही शटर गिरे मिले। देखने में लग ही नहीं रहा था कि बंदी का दिन है। घंटाघर, हलवाई चौक, चूना मंडी, टिकटगंज में भी दुकानें खुली रहीं। कई दुकानदारों ने तो पूरा सामान बाहर नहीं लगाया था। उन्हें विभाग के अफसरों का भी डर था। कुछ लोगों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि संडे को उन्हीं दुकानदारों के प्रतिष्ठान खुले रहते हैं जिनका विभाग से तालमेल होता है। महकमे के अफसर छापामार कार्रवाई भी करते हैं तो पहले उन दुकानदारों को भनक लग जाती है, जो दुकानदार बंदी के दिन साफ-सफाई के उद्देश्य से दुकान खोलते हैं उनका चालान कर अफसर कागजी कोरम पूरा कर लेते हैं।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी केके सिंह का कहना है कि कुछ दुकानदारों ने बंदी छूट का लाइसेंस ले रखा है। उनकी दुकानें ही खुलती हैं,बाकी नहीं।