उझानी (बदायूं)। नागरिकों को बाजार में जल्द ही अतिक्रमण से निजात मिलने वाली है। पालिका प्रशासन की लिखा-पढ़ी पर पीडब्लूडी कर्मी बृहस्पतिवार को पहुंचे और मुख्य बाजार में निशान लगाकर अतिक्रमण को चिन्हित किया।
पीडब्लूडी के अवर अभियंता हरीप्रसाद के साथ यहां पहुंची टीम में शामिल कर्मचारियों ने बदायूं रोड बाइपास से घंटाघर चौराहे से आगे तक मार्केट में अतिक्रमण पर निशान लगाने के लिए काम शुरू किया तो दुकानदारों का जमघट लग गया। घंटाघर चौराहे कुछ दुकानों का एक बड़ा हिस्सा अतिक्रमण की चपेट में नजर आया। निशानों पर गौर करें तो एक-दो छोटी दुकान का वजूद ही मिट जाएगा। जेई श्री प्रसाद ने बताया कि अभी लाल निशान लगाए जा रहे हैं। स्थाई अतिक्रमण भी हटाया जाएगा। बता दें कि पालिका प्रशासन बाजार से अतिक्रमण हटाने के लिए पिछले दिनों मुनादी कराई थी। समय भी मुकर्रर कर दिया गया था, लेकिन पीडब्लूडी ने उस दौरान कार्रवाई शुरू नहीं की। बाद में पालिका के जेई विनय सक्सेना ने पालिका की ओर पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर अभियान शुरू कराने को वक्त मांगा। माना जा रहा है कि पालिका और पीडब्ल्यूडी जल्द ही पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर देगी।
बाजार से होकर निकला हाइवे!
सूत्र बताते हैं कि बरेली-मथुरा हाइवे का हिस्सा सेना के अभिलेखों में बाजार से होकर निकला है। हालांकि बाइपास भी बन चुका है लेकिन सेना के अभिलेख आज भी अपनी आवाजाही मार्केट से होकर दर्शाते हैं।