बदायूं। रंगदारी देने से मना करने पर कुछ दबंग एक महिला को उठाकर ले जाने लगे। ग्रामीणों के विरोध करने पर दबंगों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी। साथ ही महिला के पति समेत तीन लोगों को पीटकर घायल कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस ने मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
थाना उघैती क्षेत्र केगांव मसूदपुर में बुधवार की रात पास के गांव भगतानगला के कुछ दबंग शराब पीकर घुस आए। दबंगों ने गांव में घूम रहे हेमराज से शराब पीने को रुपये बतौर रंगदारी मांगे। मना करने पर दबंग हेमराज की पत्नी सावित्री को उठाकर ले जाने लगे। इस पर पूरा गांव लामबंद होकर दबंगों के पीछे दौड़ पड़ा। खुद को घिरा हुआ देख दबंगों ने वहां फायरिंग कर दी। इससे गांव में अफरातफरी मच गई और दबंगों ने हेमराज के अलावा गांव के ही सत्यवीर और कुंवरपाल को तमंचे की बट से पीटकर घायल कर दिया। एसओ एके सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।