बदायूं। दो भाइयों के विवाद में सिपाही द्वारा एकतरफा कार्रवाई करते हुए एक युवक को बेरहमी से पीटकर घायल करने के मामले में दूसरे दिन मंगलवार को एएसपी देहात शिवशंकर सिंह ने गांव सैदसराय पहुंचकर पीड़ित परिवार से मामले की जानकारी ली। साथ ही सीओ सहसवान को इस मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
विदित हो कि थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र केगांव गांव सैदसराय निवासी रामनिवास का उसके भाई रामप्रकाश से जमीन के बंटवारे को लेकर रविवार की दोपहर को झगड़ा हो गया था। रामप्रकाश की तहरीर पर गांव में पहुंचा थाने का सिपाही महीपाल गांव पहुंचते ही रामनिवास पर हमलावर हो गया। गांव में पीटने केबाद उसे पकड़कर थाने ले आया। रविवार की रात में सिपाही ने रामनिवास की जमकर पिटाई की। यहां तक कि उसके मांगने पर पानी भी नहीं दिया। जबकि सोमवार की सुबह उसकी दोबारा पिटाई लगाई।
इसके बाद रामनिवास गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी हालत बिगड़ गई। इस पर थाना पुलिस में अफरातफरी मच गई। पुलिस वाले रामनिवास को चंदौसी के एक अस्पताल में भर्ती करवाकर वहां से सरक लिए। जानकारी होने पर घायल के परिवारीजन भी अस्पताल पहुंच गए। सोमवार को पूरे दिन थाने के अधिकारी इस मामले की महकमे के आलाधिकारियों से छिपाए बैठे रहे। दूसरे दिन मंगलवार को अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने पर एएसपी देहात ने थाने पहुंचकर अधीनस्थों की लताड़ लगाई। साथ ही पीड़ित पक्ष से भी मामले की जानकारी हासिल की। इसके बाद एएसपी ने इस प्रकरण की जांच सीओ बिसौली को सौंपी। उनकी अनुपस्थिति में फिलहाल यह जांच सीओ सहसवान कर रहे हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष एसपी सिंह ने बताया कि रामनिवास को ज्यादा चोट नहीं लगी थी। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो रहा है।