कादरचौक (बदायूं)। जनता की सुरक्षा का जिम्मा लेने वाली थाना पुलिस रात्रि गश्त के लिए कितनी सक्रिय है, इसकी पोल सोमवार की रात इलाके में सक्रिय चोरों ने एक बार फिर खोल दी। बदायूं-कादरचौक मार्ग पर लगे बिजली के 15 पोलों से चोर लाइन उतारकर ले गए। इससे इलाके के लगभग दो दर्जन गांवों की आपूर्ति बाधित है।
इलाके में इन दिनों चोरों का गिरोह सक्रिय हो चुका है। गिरोह के सदस्य पिछले दो हफ्ते से ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इससे इलाके के लोगों में दहशत व्याप्त है। वहीं थाना पुलिस ने भी गश्त बंद कर दी है। इसका फायदा चोर उठा रहे हैं। सोमवार की रात चोरों ने निजामपुर से कादरचौक पेट्रोल पंप तक लगे बिजली के 15 पोलों की लगभग आठ हजार मीटर लंबी लाइन उतार ली। खास बात यह है इस इलाके में पुलिस के रजिस्टर में कई जगह पिकेट तैनात रहती है। लाइन चोरी होने से इलाके के गांव गंगपुर, लभारी, कादरचौक, दयोरीनगला, ककोड़ा, मामूरगंज और ततारपुर समेत 25 गांवों की आपूर्ति ठप है। जेई बांकेलाल ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है।