रामपुर। जिला अस्पताल में भी जहरखुरानी गिरोह का आतंक शुरू हो गया है। गिरोह में शामिल महिला सदस्य वारदातों को अंजाम दे रही हैं। बृहस्पतिवार को एक महिला इस गिरोह का शिकार बन गई। उसे अस्पताल में ही भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत में अब सुधार बताया जा रहा है।
पीड़ित महिला के परिजनों के मुताबिक थाना गंज के मुहल्ला फैराज खाना निवासी देशराज की पत्नी लक्ष्मी देवी (55) जिला अस्पताल इलाज के लिए गईं थी। ओपीडी में चेकअप कराकर घर वापस हो ही रही थी कि एक महिला ने उनसे संपर्क किया। बातो ही बातो में लक्ष्मी देवी को अज्ञात महिला पर इतना विश्वास हो गया कि वह एक साथ खाने पीने भी लगे। इसी का फायदा उठाते हुए, अज्ञात महिला ने लक्ष्मी देवी को नशीली दवा पिला दी। दवा का असर होते ही लक्ष्मी देवी बेहोश हो गई और महिला उन्हें लूट कर चंपत। बेहोश पड़ी महिला को देख मौके पर भीड़ लग गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी देवी के दोनों कानों के कुंडल, अंगूठी, मोबाइल और पर्स चोरी हुआ है।