रामपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि इस साल देश में गेहूं का बंपर उत्पादन हुआ है, इसके बाद भी देश में अनाज किल्लत पैदा होने वाली है। इस समस्या के लिए केंद्र और यूपी सरकार जिम्मेदार है। गेहूं के रिकार्ड उत्पादन के बाद भी इसके भंडारण की व्यवस्था नहीं की गई है। केंद्र की कांग्रेस सरकार बेईमानी के भंवर मेें फंसी हुई है, तो प्रदेश की सपा सरकार को बदले की भावना से कार्रवाई करने से फुर्सत नहीं है। ऐसे में देश में बड़े पैमाने पर अनाज की कृत्रिम किल्लत पैदा करने के लिए महंगाई माफिया सक्रिय हो गए हैं।
शनिवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के बाद नकवी ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि गेहूं के रख-रखाव को लेकर ना तो केंद्र सरकार चिंतित है और ना ही प्रदेश सरकार। बोरों की कमी है, भंडारण की दिक्कत है। इस ओर किसी का ध्यान नहीं है। केंद्र सरकार ने पिछले साल स्वीकार किया था कि देश में रख-रखाव के अभाव में 45 फीसदी अनाज व सब्जियां खराब हो जाती हैं। इस साल यह आंकड़ा इससे कहीं अधिक होगा। इस बर्बादी के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार पूरी तरह से जिम्मेदार है। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि केंद्र सरकार ने महंगाई के माफियाओं से साठगांठ कर रखा है। भाजपा इस साजिश का भंडाफोड़ करेगी। इस मुद्दे पर भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की 24 और 25 मई को मुंबई में होने बैठक में चर्चा की जाएगी। भाजपा इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी आंदोलन चलाएगी। इसके लिए सभी जिलों से जानकारी मांगी गई है।
सर्वसम्मति से हो राष्ट्रपति का चुनाव : नकवी
रामपुर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि राष्ट्रपति का चुनाव सर्वसम्मति से होना चाहिए। राष्ट्रपति जैसे संवैधानिक पद पर चुनाव के लिए जोड़तोड़ हो, जाति-धर्म की बात हो यह आदर्श स्थिति नहीं है। यूपीए की केंद्र मेें सरकार है, उसको इस दिशा में पहल करनी चाहिए। नकवी ने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत राय है कि राष्ट्रपति के पद पर किसी भी व्यक्ति का चुनाव एक बार के लिए होना चाहिए।
2013 में हो सकते हैं मध्यावधि चुनाव
रामपुर। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने इस बात की संभावना व्यक्त की है कि देश में 2013 में मध्यावधि चुनाव हो सकते हैं। 2013 में देश के नौ राज्यों में चुनाव है। यूपीए का कुनबा बिखर रहा है, ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि केंद्र सरकार इस साल संसद में अपना बहुमत खो देगी। इसके बाद 2013 की शुरूआत में ही मध्यावधि चुनाव होंगे।
क्रि केट के सम्मान को बचाएं
रामपुर। मुख्तार अब्बास नकवी ने क्रिकेट से जुड़े लोगों से अपील की है कि वे इस जेंटलमैन गेम की साख पर बट्टा ना लगने दे। अगर क्रिकेट की साख पर बट्टा लग जाएगा तो इसका सम्मान ध्वस्त हो जाएगा। क्रिकेट की साख को कैसे बचाना है, इससे जुड़े लोगों को अच्छी तरह से पता है।