रामपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मी कांत वाजपेयी ने कहा है कि आमलोगों की समस्याओं को लेकर संघर्ष करने वाले नेताओं को ही पार्टी में अहमियत मिलेगी। पार्टी वैसे कार्यकर्ताओं को ही टिकट देगी जो 365 दिन जनता के बीच रहते हैं और उनकी समस्याओं को लेकर संघर्ष करते हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जल्द ही एक टोल फ्री नंबर शुरू किया जा रहा है, जिस पर कार्यकर्ता अपने सुझाव दे सकेंगे।
बाजपेयी शुक्रवार को पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वाजपेयी पहली बार गुरुवार की रात रामपुर पहुंचे थे। बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए सुझाव मांगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को ब्लाक और जिला स्तर पर मजबूत किया जाएगा। लखनऊ से आदेश थोपे नहीं जाएंगे बल्कि संगठन की राय को महत्व दिया जाएगा। उन्होंने बातों ही बातों में इस बात का संकेत दिया कि विधानसभा चुनावों के दौरान पार्टी प्रत्याशियों का विरोध करने वालों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। बैठक में पार्टी के लगभग 25 कार्यकर्ताओं ने अपने सुझाव दिया। प्रदेश अध्यक्ष ने सबका सुझाव अपनी डायरी में नोट कर लिया। उन्होंने कहा पार्टी में कार्यकर्ताओं को अहमियत मिलेगी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेंद्र कुमार शर्मा, पूर्व विधायक ज्वाला प्रसाद, काशीराम दिवाकर, सुभाष भटनानगर, चौधरी बलबीर सिंह, ख्याली राम लोधी, सूर्य प्रकाश पाल, राकेश मिश्रा, कपिल आर्य, बलदेव औलख, राजीव मांगलिक, जुगेश अरोड़ा कुक्कू, प्रमोद जौहरी, दिलीप सक्सेना, दिलीप अरोड़ा, पंकज अग्रवाल, डा. राजकुमार महेश्वरी, विवेक पांडे, डौली रंधावा, मुन्नी देवी गंगवार, श्रीश गुप्ता, पूनम शर्मा सहित अन्य कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।