हमीरपुर। स्थानीय नगर पालिका व दो नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए जबकि स्थानीय नगर पालिका सहित दोनों नगर पंचायतों के सदस्य पद के लिए 62 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
स्थानीय नगर पालिका के लिए 4 प्रत्याशियों ने सादगी के साथ नामांकन पत्र दाखिल किया। जिसमें निवर्तमान अध्यक्ष पुष्पा सचान का जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होता तहसील परिसर पहुंचा। जहां उन्होंने सादगी से पर्चा दाखिल किया। इनके अलावा सरस्वती धुरिया, मुन्नी देवी साहू व सुदामा देवी ने पर्चे दाखिल किए। साथ ही इस नगर पालिका के 25 वार्डों के लिए 31 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। सुमेरपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ रामकिशोरी ने पर्चा दाखिल किया जबकि 15 वार्डो के लिए 18 सदस्यों ने पर्चा जमा किया। इसी तरह कुरारा नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए रामकिशोरी, रानी देवी व सुनीता ने पर्चा दाखिल किया। जबकि 10 वार्डो के लिए 13 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
अध्यक्ष पद के आठ लोगों ने परचे भरे
राठ। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष एवं सभासदाें के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया के पांचवें दिन अध्यक्ष पद के 8 दावेदारों और सदस्य पद के 143 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदने के बाद जमा किए। गुरुवार को चरखारी के पूर्व विधायक अनिल अहिरवार की पत्नी सुषमा ने लाव लश्कर के साथ आरओ के सामने पर्चा दाखिल किया। इसी तरह से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहे सिकन्दरपुरा मोहल्ला निवासी रामनाथ सिंह अहिरवार, रमाकांत कुटार, मैकूलाल, शिवनारायन ने पर्चा दाखिल किया। वहीं सदस्य पद के लिए सिकन्दरपुरा-3 वार्ड से चुनाव लड़ रहीं उमादेवी पत्नी डा. महेंद्र कुमार कोष्टा, दीवानपुरा- वार्ड से शिखा यादव पत्नी हरीशंकर यादव, खुशीपुरा मोहल्ला ख्यालीराम कोष्टा, मियांपुरा से कृष्ण कुमार राजपूत ने पर्चा दाखिल किया।
सरीला (हमीरपुर)। तहसील परिसर में सरीला नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए पांच व नगर पंचायत गोहांड में अध्यक्ष के लिए 8 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। साथ ही सदस्य पद के लिए क्रमश: 17 व 11 नामांकन पत्र बिके। नगर पंचायतों में अध्यक्ष और सदस्य पदों के चुनाव के पांचवें दिन प्रत्याशियों का जमावड़ा रहा। गुरुवार को अध्यक्ष पद पर पांच लोगों में तुलसीराम व दयाराम ने समर्थकों के साथ नामांकन किया। वहीं सूरजप्रसाद, मंगल सिंह सहित तीन ने सादगी के साथ नामांकन पत्र भरा।