राठ(हमीरपुर)। बस के इंतजार कर रही महिला को अज्ञात मार्शल जीप ने रौंद दिया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना में महिला का एक पैर टूट गया है।
मुस्करा थाने के बिहूनी गांव के रामप्रसाद की पत्नी भागवती (40) ने बताया कि वह काफी समय से पेट दर्द की बीमारी से पीड़ित है। बुधवार की सुबह करीब 9 बजे वह अपना इलाज कराने के लिए गांव के बस स्टैंड पर राठ आने के लिए बैठी थी। उसी दौरान राठ से मुस्करा की ओर जा रही एक मार्शल जीप ने महिला को रौंद दिया। जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। जब तक ग्रामीणों ने गाड़ी को पकड़ने का प्रयास किया वह काफी दूर निकल गई। लोगों उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। इसी तरह से राठ सरीला मार्ग पर दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हो गई। सरीला निवासी बहादुर पुत्र जागेश्वर अपने साथी अनूप पुत्र परशुराम के साथ राठ आ रहा था। सरीला करियारी गांव के बीच सामने से आ रहे एक अन्य बाइक सवार से सीधी टक्कर हो गई। जिससे बहादुर और परशुराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल लाया गया। हालत नाजुक होने पर उन्हें झांसी रेफर कर दिया।