राठ(हमीरपुर)। चिकासी थाना क्षेत्र के इस्लामपुर गांव में मजदूर को भोजन कराने से नाराज छोटे भाई ने भाई, भाभी, भतीजी और मजदूर को जमकर पीट दिया। पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंगल सिंह पुत्र हरप्रसाद ने बताया कि बुधवार सुबह करीब नौ बजे वह अपने घर पर मौजूद था। उसी दौरान गांव का परमसुख उससे मजदूरी के रुपए लेने आया। उसी दौरान उसकी पत्नी खाना खाने के लिए थाली ले आई। मजदूर को देखते हुए खाना खाने के लिए कहा। इस पर उसने भोजन कर लिया। जब वह बाहर जाने लगा तो उसके छोटे भाई चंदन सिंह ने रोक कर कहा कि तुमने घर में खाना क्यों खाया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। चंदन सिंह ने मजदूर परमसुख को पीट दिया। शोर सुनकर भाई उसे बचाने के लिए पहुंचे तो उन्हें मारना शुरू कर दिया। मंगल सिंह की पत्नी शकुन, पुत्री अंजना बचाने आईं तो उन्हें भी नहीं छोड़ा। चिकासी पुलिस ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।