भरुआसुमेरपुर (हमीरपुर)। सब्जी मंडी चौराहा पर बाजार से सामान लेकर घर वापस जा रहे साइकिल सवार किशोर को डंफर ने रौंद दिया। उसे गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया। उसकी हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने कानपुर के लिए रेफर किया है। कानपुर लाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने डंफर को थाने में खड़ा करवा लिया है।
बसंत नगर बांकी रोड निवासी श्यामबाबू प्रजापति का पुत्र मनोज (11) साइकिल से सामान लेने सब्जी मंडी आया। सामान लेकर वह घर लौट रहा था। तभी सुबह 10 बजे कबरई की ओर से आ रहे डंफर ने उसे रौंद दिया। किशोर के दोनों पैर जख्मी हो गए। किशोर की हालत को देखकर व्यापार मंडल के युवाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने उसे उठाकर मैजिक में रखवाया। नगर अध्यक्ष महेश गुप्ता, राजमी मिश्रा, विकल्प शिवहरे व अभ्भू सिंह के सहयोग से अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन डाक्टरों ने उसे कानपुर के लिए रेफर कर दिया। इस बीच व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने चिकित्सको से इलाज करने के लिए कहा और जरूरत पड़ने पर खून देने की भी हामी भरी। आखिरकार कानपुर ले जाते वक्त घाटमपुर के पास घायल किशोर ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद डंफर चालक मौके से गायब हो गया। किशोर की मौत पर उसके परिवारी जनों पर कोहराम मचा रहा।