राठ(हमीरपुर)। देवी दर्शन और बच्चे का मुंडन कराकर परिजनों से भरी मार्शल सड़क किनारे खेतों में पलट गई। जिससे उसमें सवार 15 लोग घायल हो गए। आनन फानन घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मझगवां थाने के नहदौरा गांव निवासी छत्रपाल पासवान पुत्र मइयादीन के चार वर्षीय पुत्र रवि का मुंडन होना था। शुक्रवार सुबह परिजन और रिश्तेदार जरिया थाने के तुरना गांव की प्रसिद्ध देवी काली मां के मंदिर में मुंडन कराने के बाद मार्शल से गांव लौट रहे थे।
खरेंटा गांव के पास तेज रफ्तार मार्शल मोड़ पर असंतुलित होकर खेतों में जाकर पलट गई। इससे छत्रपाल (40), दुर्जी (75) पत्नी टीकाराम मोहम्मदाबाद जालौन, जगरानी (40) पत्नी रामबाबू उरई, कृष्णा (5), सचिन (8) पुत्रगण देवपाल, मालती (30) पत्नी देवपाल, मोनू पत्नी छत्रपाल, मुन्ना, गौरव (8) पुत्र छत्रपाल, खुशबू (1) पुत्री देवपाल, राजेश (28) पुत्र सूर्यपाल, मुल्ला पत्नी सूर्यपाल, संगीता (22) पत्नी बबलेश, सुनील (14) पुत्र सूर्यपाल बरहरा, गुडडी (28)पत्नी राजकुमार कुकरगांव उरई घायल हो गए। हादसे में दुर्जी, छत्रपाल, जगरानी की हालत नाजुक होने पर उसे झांसी रिफर कर दिया गया। सूचना पाकर पहुंचे कोतवाल आरएन सिंह घायलों को अस्पताल ले गए। मैयादीन ने बताया कि मार्शल का चालक शराब के नशे में तेज गाड़ी चला रहा था। गाड़ी गांव के सियाराम की बताई है।