ज्ञानपुर। नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार भी नगर पालिका परिषद गोपीगंज, नगर पंचायत ज्ञानपुर, खमरिया और घोसिया के अध्यक्ष व सदस्य पद के लिए कई परचों की बिक्री हुई। अभी तक कोई भी नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया जा सका है।
कलेक्ट्रेट मुख्यालय सरपतहां स्थित चकबंदी अधिकारी कार्यालय से नगर पालिका परिषद गोपीगंज अध्यक्ष पद के लिए 10 परचे खरीदे गए। जबकि सदस्य पद के लिए 40 परचे खरीदे गए। ज्ञानपुर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए जमालुद्दीन, रामेश्वर पांडेय, श्याम प्रकाश और सर्फुद्दीन परचे खरीदे। अब तक 11 दावेदार अध्यक्ष पद के लिए 17 परचे खरीद चुके हैं। इसी तरह सभासद पद के लिए कुल 22 परचों की बिक्री हुई। इस मौके पर तहसील परिसर के तरफ आने वाले दोनों तरफ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी और बैरिकेडिंग की गई थी।
औराई संवाददाता के अनुसार स्थानीय तहसील परिसर में नगर पंचायत घोसिया व खमरिया के लिए सदस्य व अध्यक्ष पद के लिए परचों की बिक्री की गई। शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए 13 परचे और सदस्य पद के लिए 49 परचे खरीदे गए। खमरिया नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए एक नामांकन पत्र और सदस्य पद के लिए 34 परचे बिके। फिलहाल अभी तक किसी भी नगर निकाय से किसी प्रत्याशी ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। प्रत्याशी परचा दाखिला करने की तैयारी में जुटे हुए हैं। जमानत धनराशि को चालान के माध्यम से जमा करने के लिए एसबीआई ज्ञानपुर में भारी भीड़ लग रही है।