भदोही। कोतवाली क्षेत्र के चौरी रोड पर एक अनियंत्रित पिकप ने सड़क किनारे सो रहे एक वृद्ध को अपने चपेट में ले लिया। जिससे वृद्ध बुरी तरह घायल हो गया। बाद में एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जुटे लोगों ने पिकप चालक को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार संकठा प्रसाद विश्वकर्मा (62) का मकान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने है। वह रोज की तरह घर के सामने अपने चबूतरे पर चारपाई बिछा कर सो रहे थे। बताते हैं कि रात 12 बजे एक पिकप जो इंदिरा मिल की ओर जा रही थी अनियंत्रित होकर खंभों और गुमटी को नुकसान पहुंचाते हुए सीधे उनके चारपाई के ऊपर जाकर चढ़ गई। रात को जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और तत्काल मौके पर दौड़े आए तो देखा कि संकठा बुरी तरह घायल होकर कराह रहा है। लोगों ने झटपट संकठा को गाड़ी के नीचे से बाहर निकाला और एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां 3.30 घंटे बाद उसने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने पिकप चालक मनापुर सुरियानां निवासी सुरेंद्र जायसवाल को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना से मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पाकर रात ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव को आज सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।