ज्ञानपुर। कोतवाली क्षेत्र के कंसापुर स्थित कांशीराम शहरी आवास में रहने वाली एक विवाहिता ने सोमवार की देर रात रहस्यमय परिस्थितियों में शरीर पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा लिया। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आवास में रहने वाले पड़ोसियों ने उसे किसी तरह से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया है।
क्षेत्र के हॉस्टल चौराहा के मूल निवासी चंदन सेठ पुत्र जगदंबा सेठ अपनी पत्नी पिंकी (24) और दो बच्चों के साथ करीब डेढ़ महीने से कांशीराम शहरी आवास के ब्लाक छह में 65 नंबर के फ्लैट में रहता है। सोमवार की देर रात करीब डेढ़ बजे रहस्यमय परिस्थितियों में उसकी पत्नी पिंकी ने शरीर पर मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा लिया। आग लगने के बाद वह चीखने चिल्लाने लगी और कमरे से बाहर निकलकर सीढि़यों पर दौड़ने लगी। शोरगुल सुनकर आसपास के कमरों में रहने वालों की भी नींद खुल गई। लोगों ने किसी तरह बिस्तर आदि डालकर आग को बुझाया। आननफानन में लोगों ने उसे महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां हालत नाजुक होने पर डाक्टरों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। जिस समय घटना हुई, उस समय कमरे में उसका पति और दोनों बच्चे भी मौजूद थे। कमरे का सामान तितर-बितर हो गया था। साथ ही जले कपड़े और बिस्तर आदि कमरे के बाहर फैल गए थे। इस घटना से आसपास के लोग भी हतप्रभ हैं। घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पिंकी का मायका पड़री (मिर्जापुर) थाना क्षेत्र के छटहां गांव में बताया जाता है। चंदन सेठ ज्ञानपुर में सराफा की दुकान चलाता है।