प्रशासन ने नए सर्किल रेट की पूरी की तैयारी
आपत्ति निस्तारण के बाद प्रशासन देगा मंजूरी
बदायूं। जिला मुख्यालय की जमीन के मूल्यांकन में 15 से 20 फीसदी की बढ़ोतरी की तैयारी प्रशासन ने कर ली है। पांच जून तक आपत्तियों पर सुनवाई के बाद नए सर्किल रेट की घोषणा कर दी जाएगी। इधर, उप निबंधक सहायक महानिरीक्षक निबंधन ने नए सर्किल रेट की सूची तैयार कर ली है। अब सिर्फ इस पर डीएम की मंजूरी की मोहर लगनी बाकी है।
जिला प्रशासन ने हाल ही में लेखपालों के जरिए सर्वे कराया है। इसी आधार पर जिला प्रशासन यहां शहर की संपत्तियों के मूल्यांकन में जबरदस्त बढ़ोतरी होने वाली है। नए सर्किल रेट के आधार पर शहरी क्षेत्रों में भू संपत्तियों पर 15 से 20 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्र की संपत्तियों पर 10 से 15 फीसदी की बढ़ोतरी करने की तैयारी प्रशासन ने की है। सभी तहसीलों की प्रस्तावित मूल्यांकन सूचियां जिला स्टांप विभाग ने तैयार कर ली हैं। इन पर पांच जून को सायं पांच बजे तक आपत्तियां मांगी गई हैं। उसके बाद प्रशासन के नए सर्किल रेट की घोषणा कर दी जाएगी।
सड़क किनारे भू-संपत्तियों का हुआ मूल्यांकन
जिला मुख्यालय पर सड़क किनारे भू-संपत्तियों के रेट में काफी इजाफा किया जाएगा। पहले जिन सड़कों पर संपत्तियों के दाम 13 हजार वर्ग मीटर थे, उनका नए रेट 15 हजार वर्ग मीटर और जिनके 15 हजार वर्ग मीटर थे, उनके नए रेट 16 हजार प्रति वर्ग मीटर तय करने का प्रस्ताव है। इनके अलावा व्यवसायिक क्षेत्र में जिन संपत्ति के दाम 22 हजार प्रति वर्ग मीटर थे, उनके 24 हजार और जिन संपत्ति के दाम 26 प्रति हजार वर्ग मीटर थे, उनके 28 हजार प्रति वर्ग मीटर किए जाने की संभावना है।
ग्रामीण इलाकों में भी बढ़ेंगे सर्किल रेट
बदायूं और उझानी नगर क्षेत्र में कृषि भूमि के मौजूदा रेट 46 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर है। इसके दाम बढ़ाकर 50 लाख करने की तैयारी है। जबकि जिला मुख्यालय के सीमावर्ती गांवों में भू सम्पत्ति के रेट 14 लाख प्रति हेक्टेयर की जगह 15.50 लाख प्रति हेक्टेयर करने का प्रस्ताव है।
बढ़ जाएगा स्टांप विभाग का राजस्व
भू संपत्तियों के नए रेट घोषित हो जाने के बाद स्टांप विभाग की आमदनी में खासी बढ़ोत्तरी हो जाएगी। नए सर्किल रेट के आधार पर अब लोगों को उसकी आधार पर ज्यादा स्टांप फीस बढ़ाकर देनी होगी। ऐसे में विभाग का राजस्व काफी बढ़ेगा।
शहर के कुछ मुख्य जगहों के प्रस्तावित नए सर्किल रेट (रुपये प्रति वर्ग मीटर)
क्षेत्र वर्तमान रेट प्रस्तावित मूल्यांकन
अनाज मंडी 5200 5700
अशोक नगर 3700 4000
आदर्श नगर 4700 5000
आवास विकास 5200 5700
आपत्तियों के निस्तारण करने के बाद नए सर्किल की रेट डीएम के निर्देश पर जारी कर दिए जाएंगे। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है।
डॉ दिनेश मिश्र
सहायक महानिरीक्षक निबंधक