उदयपुर/वार्ता। राजस्थान के उदयपुर में एक मुस्लिम मार्बल शिल्पकार ने 10 मिलीमीटर का संगमरमर का आकर्षक शिव मंदिर बना कर सामाजिक सौहार्द का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
शिल्पकार मोहम्मद हनीफ ने बताया कि इस शिव मंदिर में शिवलिंग भी है। इसकी ऊंचाई 10 मिमी, लंबाई आठ मिमी और चौडाई छह मिमी है। इससे पूर्व भी हनीफ मार्बल का राष्ट्रध्वज, वर्ल्ड कप ट्रॉफी का प्रतीक चिन्ह और महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति समेत कई कलाकृतियां बना चुके हैं।
हनीफ ने राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल की उदयपुर यात्रा के दौरान देश की एकता पर आधारित कलाकृति बनाकर गणतंण दिवस की शुभकामनाओं के साथ उन्हें भेंट की थी। हनीफ ने बताया कि वह करीब 12 वर्ष से इस तरह की अनोखी कलाकृतियां बनाते आ रहे हैं।