प्रथम खाड़ी युद्घ के 20 साल बाद भारत सरकार ने इराक के लिए सीधी उड़ान दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशक ने इराकी एयरवेज के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव में इराकी एयरवेज सप्ताह में चार दिन बगदाद के लिए उड़ान भरेगा। फिर बगदाद से दो उड़ानें मुंबई और दो दिल्ली के लिए वापस आएंगी।
पहली उड़ान 12 फरवरी से शुरू
नागरिक उड्डयन महानिदेशक भारत भूषण ने बताया कि पहली उड़ान 12 फरवरी को होगी। उन्होंने बताया कि उनकी और इराकी एयरवेज के बीच इस संबंध में कुछ समय से बातचीत चल रही थी। यह एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि वे सिर्फ बगदाद के लिए ही नहीं, बल्कि कर्बला के लिए भी सीधी उड़ाने चाहते हैं।
भारतीय कामगारों को मिलेगा लाभ
भारतीय मूल के कई परिवार मुख्य रूप से इराक के पवित्र शहर बसरा, नजफ और कर्बला में रहते हैं। हर साल हजारों भारतीय मुसलमान तीर्थ यात्री इमाम हुसैन और इमाम अब्बास के पवित्र दरगाह पर जाते हैं। विदेश विभाग के आंकडों के अनुसार काफी संख्या में भारतीय कामगार और मजदूर वहां भवन निर्माण क्षेत्र में कार्यरत हैं। इससे उनको सीधे लाभ मिलेगा।
आपसी संबंध काफी मजबूत
इसके अलावा भारतीय और इराकियों के बीच आपसी संबंध काफी मजबूत हुए हैं। खासतौर पर मेडिसिन और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में। 2010 में 28 हजार से अधिक इराकियों ने इलाज कराने, शिक्षा ग्रहण करने और पर्यटक के तौर पर भारत आए। दूसरी ओर इराक भारत को कच्चा तेल निर्यात करने वाला तीसरा सबसे बड़ा देश है।
0
खबर पर अपनी राय दें