देश सेवा को तत्पर और सेना का हिस्सा बन गौरवान्वित होने के चाहवान छात्रों के लिए रास्ते खुल गए हैं। सेना के तीनों विंग में एंट्री का रास्ता आरआईएमसी में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस की ए कैटेगरी संस्था में प्रवेश को गौरव की बात माना जाता है। राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआईएमसी) में वर्ष 2013 बैच की परीक्षा के लिए आवेदन मंगाए गए हैं।
क्या है योग्यता
केवल लड़के ही आरआईएमसी में आवेदन कर सकते हैं। आवेदक जिस राज्य का रहने वाला है, उस राज्य से ही करना होगा। परीक्षा के लिए अभ्यर्थी की आयु एक जनवरी 2013 को 11 वर्ष 06 महीने से कम और 13 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। अभ्यर्थी प्रवेश के समय मान्यता प्राप्त स्कूल से कक्षा सात में अध्ययनरत हो या कक्षा सात उत्तीर्ण कर चुका हो।
कितनी हैं सीटें
आरआईएमसी में बहुत कम सीटें होती हैं। 25 से 30 छात्रों का चयन एक बैच में होता है। आरआईएमसी के चीफ को-ऑर्डिनेटर सीएस विश्वकर्मा के अनुसार राज्यानुसार छात्र चयन के बाद बची सीटों पर ऑल इंडिया मेरिट लिस्ट के आधार पर प्रवेश किए जाते हैं।
आवेदन प्रक्रिया
- फॉर्म केवल आरआईएमसी, देहरादून से ही लिया जा सकता है।
- आवेदन फॉर्म के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य से प्रमाणित आयु प्रमाण पत्र की दो प्रतियां और तीन पासपोर्ट साइज फोटो अलग संलग्न कर भेजें।
- आवेदन पत्र आरआईएमसी की जगह राज्य में परीक्षा प्रभारी के पते पर भेजें।
महत्वपूर्ण तिथियां
आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि - 31 मार्च
परीक्षा की तिथि - एक और दो जून 2012
परीक्षा का स्थान - हर राज्य की राजधानी में परीक्षा का आयोजन किया जाता है।
परीक्षा का स्वरूप
गणित, इंग्लिश और जरनल नॉलेज के तीन पेपर होंगे। एक जून को सुबह 10 से 12 अंग्रेजी और दोपहर दो से 3:30 तक गणित का और दो जून को 10 से 11 जनरल नॉलेज का पेपर होगा। प्रत्येक पेपर में न्यूनतम 50 फीसदी अंक लाने वाले को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। इनमें चयन के बाद मेडिकल होगा और फिर फाइनल सिलेक्शन किया जाएगा।
0
खबर पर अपनी राय दें