उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत नौ जिलों की 59 सीटों के लिए शनिवार को होने वाले मतदान में विधानसभा अध्यक्ष सहित बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई दिग्गजों के भाग्य का फैसला होगा।
दूसरे चरण में जिन नौ जिलों में मतदान होना है, उनमें आजमगढ़, कुशीनगर, महाराजगंज, गाजीपुर, बलिया, गोरखपुर, संत कबीरनगर, मऊ और देविरया शामिल हैं।
इस चरण में जिन चर्चित हस्तियों की किस्मत दांव पर है, उनमें आजमगढ़ की दीदारगंज सीट से विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर, कुशीनगर की पडरौना सीट से बसपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य, मऊ जिले की घोषी सीट से बसपा सरकार में मंत्री फागू चौहान, गोरखपुर की चिल्लूपार सीट से बसपा सरकार में मंत्री रहे राजेश त्रिपाठी जैसे प्रमुख नेता शामिल हैं।
इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही देविरया की पथरदेवा सीट से, महाराजगंज की सिसवा सीट से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी और आजमगढ़ की निजामाबाद सीट से स्थानीय भाजपा सांसद रमाकांत यादव की पत्नी रंजना यादव जैसी हस्तियां अपनी चुनावी किश्मत आजमा रही हैं।
संतकबीर नगर की खलीलाबाद सीट से पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहम्म अयूब, गोरखपुर की चिल्लूपार सीट से लोकतांत्रकि कांग्रेस के हरिशंकर तिवारी, मऊ सदर और घोषी सीट से कौमी एकता दल के मुख्तार अंसारी जैसे चर्चित नामों का भी राजनीतिक भविष्य इस चरण में दांव पर है।
दूसरे चरण में कुल 1098 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें से 1021 पुरुष, 76 महिला और एक अन्य शामिल है। इस चरण में एक करोड़ 94 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें एक करोड़ सात लाख पुरुष तथा 87 लाख 38 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। इस चरण में मतदान के लिए 12,995 केंद्र बनाए गए हैं और मतदान प्रक्रिया में करीब 22,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) का उपयोग होगा।
प्रदेश में सात चरणों में हो रहे चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान गत बुधवार को हुआ था। प्रथम चरण में राज्य की 55 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले गए थे। प्रथम चरण में खराब मौसम के बावजूद 62 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
0
खबर पर अपनी राय दें