|
राहुल बने संसद की स्थायी समिति के सदस्य |
|
| नई दिल्ली। |
|
| Story Update : Saturday, September 11, 2010 12:58 AM |
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एचआरडी) से संबंधित संसद की महत्वपूर्ण स्थायी समिति का सदस्य बनाया गया है। संसद की 23 स्थायी समितियों का पुनर्गठन किए जाने के बाद शुक्रवार को उनके नए स्वरूप की घोषणा की गई। पार्टी के सांसद केशव राव इस समिति के सदस्य बने रहेंगे। गौरतलब है कि उन्होंने संसद के मानसून सत्र के दौरान राज्यसभा में कपिल सिब्बल के नेतृत्व वाले मानव संसाधन विकास मंत्रालय की तीखी आलोचना के कारण शिक्षा संबंधी महत्वपूर्ण विधेयक गिरा कर सरकार की भारी फजीहत कराई थी। कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेता आस्कर फर्नांडीस इस समिति के अध्यक्ष हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी गृह मंत्रालय संबंधी स्थायी समिति के सदस्य हैं जिसके अध्यक्ष उन्हीं की पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता एम वेंकैया नायडू हैं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मामलों की संसदीय समिति के अध्यक्ष कांग्रेस के टी सुब्बीरामी रेड्डी बने रहेंगे। इस समिति ने हाल ही में परमाणु दायित्व विधेयक पर विपक्षी दलों के विचारों को समाहित करके उसे संसद से पारित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। कांग्रेस के तीन प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी, मनीष तिवारी और जयंती नटराजन कार्मिक, लोक शिकायत, कानून एवं न्याय संबंधी स्थायी संसदीय समितियों के सदस्य हैं।
एक अन्य वरिष्ठ वकील और भाजपा सांसद राम जेठमलानी भी इसके सदस्य हैं। राजद के लालू प्रसाद भी इस पैनल में शामिल किए गए हैं। नटराजन इसकी अध्यक्ष हैं। पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता यशवंत सिन्हा वित्त संबंधी संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष है। इसके सदस्यों में आंध्र्र प्रदेश से कांग्रेस के असंतुष्ट नेता वाई एस जगन मोहन रेड्डी शामिल हैं। माकपा के वरिष्ठ नेता सीताराम येचुरी परिवहन, पर्यटन और संस्कृति से जुड़ी समिति के अध्यक्ष बने रहेंगे और कांग्रेस के वी किशोर चंद्र देव इसके सदस्यों में हैं। माकपा के अन्य वरिष्ठ नेता बासुदेव आचार्य कृषि संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं और कृषि मंत्री शरद पवार के कटु आलोचक कांग्रेस के सत्यव्रत चतुर्वेदी इसके सदस्यों में शामिल किए गए हैं।
लोकसभा में भाजपा के उप नेता गोपीनाथ मुंडे रसायन एवं उर्वरक समिति के प्रमुख हैं और सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ऊर्जा संबंधी समिति के अध्यक्ष। आईपीएल विवाद के कारण मंत्री पद गंवाने वाले शशि थरूर के साथ एनसीपी की सुप्रिया सुले विदेश संबंधी समिति की सदस्य होंगी और इसके अध्यक्ष भाजपा के नेता अनंत कुमार। जदयू के अध्यक्ष शरद यादव शहरी विकास से जुड़ी संसद की स्थायी समिति के प्रमुख हैं।
एजेंसी
खबर पर अपनी राय दें
|
|
|
|
|
| |
|
|
|
|
|
|
|