द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (द्रमुक) के दो पूर्व मंत्रियों के तमिलनाडु स्थित घर एवं व्यावसायिक परिसरों पर आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति के मामले में शुक्रवार सुबह छापे डाले गए। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार रोधी निदेशालय (डीवीएसी) ने पूर्व मंत्री के.आर. पेरियाकरुप्पन एवं ए. तमिलारसई और इनके सहयोगियों के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की।
डीवीएसी के अधिकारियों ने बताया कि शिवगंगा जिले में पेरियाकरुप्पन एवं उनके सहयोगियों के आवास पर छापे डाले गए। पेरियाकरुप्पन राज्य की पूर्व डीएमके सरकार में हिंदू धार्मिक एवं खैराती मामलों के मंत्री थे। डीवीएसी के अधिकारियों ने पूर्व आदि द्रविड़ कल्याण मंत्री तमिलारसई के मदुरई स्थित आवास पर छापे मारे।
राज्य में जयललिता की सरकार बनने के बाद डीवीएसी डीएमके के पूर्व मंत्रियों डी. दुरईमुरुगन, के.एन. नेहरु, टी.एम. अंब्रासन, के. पोनमुडी, एन. सुरेश राजन, पोंगलुर एन. पलनीसामी, एम.आर.के. पनीरसेल्वम, के.के.एस.एस.आर. रामचंद्रन और एन.के.के.पी. राजा के ठिकानों पर छापे मार चुका है।
0
खबर पर अपनी राय दें