भारत ने अमेरिका के साथ असैन्य परमाणु समझौते को लागू करने की प्रतिबद्धता दोहरायी है। इसके अलावा भारत ने अमेरिका को ईरान, पाकिस्तान, अफगानिस्तान और पश्चिम एशिया के ताजा हालात पर अपने रूख से अवगत कराया है।
विदेश सचिव रंजन मथाई ने अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत में भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते के क्रियान्वयन के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि अमेरिकी परमाणु कंपनियों के लिए देश में समान मौके उपलब्ध होंगे।
मथाई ने कहा कि हम बदलती हुई वैश्विक परमाणु व्यवस्था मे अपनी कूटनीतिक साझेदारी को असैन्य परमाणु ऊर्जा के समान वाणिज्यिक उत्पादन के लिए सहयोग में बदलने के प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस सिलसिले में हम देश की संसद में पारित कानून से बंधे हैं।
हालांकि हम अमेरिकी परमाणु कंपनियों को समान अवसर देने का आश्वासन देते हैं तथा कानून के दायरे में रहकर उनकी चिंताओं का निराकरण करने के लिए भी तैयार हैं। ऐसा माना जा रहा है कि मथाई ने अन्य अमेरिकी अधिकारियों के साथ बातचीत में ईरान, अपगानिस्तान, पश्चिम एशिया के ताजा हालात और विभिन्न क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर भारत के रूख से अवगत कराया।
0
खबर पर अपनी राय दें