नई दिल्ली। स्वामी रामदेव पांच राज्यों में भारत स्वाभिमान यात्रा निकालेंगे। चुनाव आयोजित होने वाले राज्यों में वे जनता को बताएंगे कि विदेशों से काला धन वापस आएगा तो महंगाई, गरीबी, अशिक्षा, बेरोजगारी और आर्थिक विषमता आदि का समाधान खुद निकल आएगा। उन्होंने सभी पार्टी को पत्र लिखकर उनसे काला धन, भ्रष्टाचार और व्यवस्था परिवर्तन के मुद्दे पर राय भी मांगी है। कांस्टीट्यूशन क्लब में शनिवार को आयोजित प्रेस कांफे्रंस में बाबा रामदेव ने यह बातें कहीं।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार खत्म करने के लिए सत्ता से पत्ता साफ होना बेहद ही आवश्यक है। लोकतंत्र लूट तंत्र बनता जा रहा है। जनता चुनाव में अपने प्रत्याशियों से जवाब और हिसाब मांगे। उन्होंने देश में नई आर्थिक नीति और कर प्रणाली बनाने की मांग करते हुए कहा कि विदेशों में जमा काला धन को राष्ट्रीय संपत्ति घोषित किया जाए। चार फरवरी को भ्रष्टाचार और काला धन विदेश से वापस लाने की मांग को लेकर दिल्ली के मावलंकर हॉल में एक बड़ी सभा में रामदेव शिरकत करेंगे। पांच राज्यों के चुनाव के कुछ दिन पहले वे एक जन संवाद कार्यक्रम आयोजित करेंगे जिसमें सभी पार्टियों के प्रत्याशियों को आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भारत स्वाभिमान की मुहिम को आसन करते हुए सिंहासन की तरफ बढ़ने का प्रयास न समझें। हुस्नी मुबारक और कर्नल गद्दाफी ने भी नहीं माना कि वे भ्रष्ट हैं और काला धन उनके पास है। सभी राजनीतिक पार्टी की राय जानने के लिए पत्र भेजे गए लेकिन किसी का जवाब अभी तक नहीं आया। किसी भी राजनीतिक पार्टी से उनका खानदानी बैर नहीं है। केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि योग करना इस देश में अपराध हो गया है। योग का सीधा प्रसारण चैनलों पर रोक दिया गया है। बाबा को आतंकवादी घोषित कर दिया गया है। सरकार हमें आतंकवादी और देशद्रोही समझती है। सभी विभाग से नोटिस तक भेजा गया है।‘साइट पर रोक लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा’नई दिल्ली। बाबा रामदेव ने सोशल नेटवर्किंग साइट पर प्रतिबंध लगाने की निंदा की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयास लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा कदम है। सरकार साइटों पर अंकुश लगाकर जनता की आवाज को दबाना चाह रही है। सरकार अगर अश्लीलता की बात करती है तो क्या सिर्फ सोशल नेटवर्किंग पर ही अश्लीलता है। अश्लीलता तो सिनेमा में भी है और कई टीवी सीरियल भी अश्लीलता परोसते हैं। ऐसे में सोशल नेटवर्किंग साइट पर यह आक्षेप कहीं से जायज नहीं है। बात अश्लीलता की नहीं है। सच की अभिव्यक्ति देने वाले सोशल नेटवर्क पर हमला आत्मघाती कदम है।स्याही फेंकने के विरोध में समर्थकों का प्रदर्शननई दिल्ली। बाबा रामदेव पर स्याही फेंके जाने के विरोध में समर्थकों ने जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। बाबा के समर्थकों ने कामरान कार्रवाई करने की मांग की। देर शाम को शुरू किए गए प्रदर्शन में केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारे भी लगाए गए। बाबा रामदेव समर्थकों ने केंद्र सरकार पर कामरान को शह देने का आरोप लगाया। प्रदर्शन को भारत स्वाभिमान युवा भारत के रामेश्वर आर्या समेत अनेक लोगों ने भी संबोधित किया।