फरीदाबाद। बदरपुर बार्डर के पास स्थित डेस्टिनेशन प्वाइंट में चल रहे फैक्सड्रैक्स नाम के हुक्का बार पर बृहस्पतिवार देर रात जिला ड्रग कंट्रोलर एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारा। इससे वहां पर हुक्का पी रहे लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने वहां से चार सैंपल लिए और बार संचालक रंजीत कुकरेजा को गिरफ्तार क र लिया। पुलिस के मुताबिक, हाईकोर्ट ने हुक्का बारों पर रोक लगा रखी है। इसके अलावा जिला उपायुक्त ने भी इस तरह की गतिविधियों पर धारा १४४ लागू की हुई है। पुलिस का कहना है कि जिला प्रशासन के आदेश के बावजूद डेस्टिनेशन प्वाइंट मॉल में हुक्का बार चल रहा था। ड्रग कंट्रोलर कर्ण सिंह गोदारा एवं कृष्ण कुमार ने बताया कि यहां पर हुक्का फ्लेवर्ड तंबाकू लोगों को परोसा जा रहा था, जिसमें निकोटिन होती है। हर व्यक्ति से इसके बदले तीन सौ रुपये लिए जा रहे थे। तंबाकू के चार सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए शुक्रवार को चंडीगढ़ की एक लैब में भेजा जाएगा। जांच में पता चलेगा कि इस तंबाकू में क्या-क्या मिला था। फिलहाल बार में रखा सारा तंबाकू जब्त कर लिया गया है।