नई दिल्ली। तुर्कमान गेट निवासी जाहिद का आईफोन पसंद आने पर इलाके के घोषित बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया। बदमाशों ने जाहिद से आईफोन छीनने के साथ ही उसे छोड़ने के एवज में बीस हजार की उगाही भी की। चांदनी महल पुलिस ने वारदात में शामिल तुर्कमान गेट निवासी इस्लामुद्दीन (30), सरफराज (31) और अबू असीम (24) को गिरफ्तार कर आईफोन और नकदी बरामद की है। इस्लामुद्दीन और सरफराज इलाके के घोषित बदमाश हैं।जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि छह फरवरी की तुर्कमान गेट निवासी कामरान ने दोस्त जाहिद के अगवा होने की सूचना दी। पुलिस को पता चला कि बदमाशों ने बीस हजार रुपये लेकर उसे छोड़ा है, लेकिन बदमाशों ने उसका आईफोन छीन लिया। जांच कर रहे चांदनी महल के थाना प्रभारी सतेंद्र मोहन को जानकारी मिली कि बदमाशों ने जाहिद को कामरान के घर के पास से अगवा किया। बदमाश जाहिद को सीताराम बाजार स्थित इस्लामुद्दीन के कार्यालय ले गए। जहां उसकी पिटाई की छोड़ने के एवज में बीस हजार रुपये मंगवाने को कहा। डरे सहमे जाहिद ने दोस्त आमिर को फोन कर बीस हजार लेकर आसफ अली रोड स्थित मदर डेयरी बूथ पर आने को कहा। जहां तीनों बदमाशों ने उससे रुपये ले लिए। एक सूचना पर पुलिस ने तीनों को दबोच लिया। अबू असीम पर दरियागंज में एक मामला दर्ज है।