बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया डिसूजा ने मराठी रिवाज से अग्नि के सात फेरे लेने के बाद चर्च में भी विवाह किया। जेनेलिया ने इस मौके पर परंपरागत कैथोलिक परिधान सफेद रंग का गाउन पहन रखा था, जबकि रितेश काले सूट में नजर आए। दोनों की शादी शुक्रवार को मराठी रीति रिवाज से हुई थी।
धार्मिक रिवाजों में काफी आस्था
जेनेलिया डिसूजा मैंग्लोर की एक कैथोलिक परिवार से है, वहीं रितेश देशमुख हिंदू हैं। नई नवेली जोड़ी की धार्मिक रिवाजों में काफी आस्था है। इसलिए जेनेलिया के घर में शादी से पहले होने वाली कैथोलिक रस्मों का आयोजन किया गया था। जिस दिन रितेश के घर पर हल्दी की रस्म हो रही थी, वहीं जेनेलिया के घर महिलाओं के लिए एक शानदार नृत्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।
ग्रैंड हयात में हुआ रिसेप्शन
शादी की खुशी में शनिवार देर शाम को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया। इसमें बॉलीवुड, राजनीति और कारोबार जगत के कई नामचीन लोगों ने शिरकत की। गौरतलब है कि दोनों को 'तुझे मेरी कसम' की शूटिंग के दौरान प्यार हुआ था। लेकिन उन्होंने दुनिया के सामने इसका इजहार पिछले साल किया था। दोनों को अपने घर वालों को शादी के लिए मनाने में काफी समय लगा।
0
खबर पर अपनी राय दें