बॉलीवुड स्टार सैफ अली खान ने ताज होटल में मारपीट के मामले को दुखद घटना करार देते हुए कहा कि पहले उन पर हमला किया गया था। उन्होंने जो कुछ किया वह अपने बचाव में किया। उधर, इकबाल शर्मा ने कहा कि वह किसी भी सूरत से सैफ से समझौता नहीं करेंगे। इस मामले में कानून अपना काम करेगा।
उन लोगों ने पहले मुझ पर हमला बोला
सैफ ने कहा कि मंगलवार की रात ताज होटल के रेस्तरां में मेरे दोस्तों और महिलाओं के साथ अभद्रता से बात की गई और उन लोगों ने पहले मुझ पर हमला बोला। उन्होंने पहले मुझे मारा तब मैंने जो कुछ किया वह अपने बचाव में किया। मैंने जो किया उस पर मुझे फख्र नहीं महसूस हो रहा लेकिन मेरी जगह कोई और होता तो वही करता।
मैंने इकबाल शर्मा का इंटरव्यू देखा है
सैफ ने कहा कि मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि इस मामले में न्याय होगा। मेरा मानना है कि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज हैं और उससे सच सामने आ जाएगा। मैंने इकबाल शर्मा का इंटरव्यू देखा है और वह बड़े सभ्य और भद्र लग रहे थे। लेकिन मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि वे मंगलवार की रात होटल में इतने उग्र कैसे हो गए।
फुटेज से साबित हो जाएगा कि मैं निर्दोष हूं
सैफ ने कहा कि फुटेज से साबित हो जाएगा कि मैं निर्दोष हूं। मेरी आंखों पर चोट लगी है। इकबाल शर्मा की नाक टूटी हुई नहीं लग रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने उस वक्त शराब नहीं पी थी। उन्होंने कहा, मैं गांधीवादी रुख अख्तियार कर सकता था लेकिन मेरी जगह कोई और होता तो वह वही करता जो मैंने किया। वहीं, इकबाल शर्मा ने सैफ के दावे को खारिज करते हुए कहा कि जांच में सब कुछ सामने आ जाएगा।
0
खबर पर अपनी राय दें