|  English News  |  Education  |  AUMobile  |  Result
au
    Thursday, May 24, 2012  |  Last Update - 12:34 PM IST
साहित्य
  आप यहाँ हैं: होम » विचार » साहित्य

अंगूठी

नुट हम्सुन
Story Update : Sunday, February 05, 2012    2:46 AM

लड़की किसी और को चाहने लगी, तो उसकी अंगूठी मंगेतर की अंगुली में फंसने लगी। उसने अंगूठी लड़की को दे दी, ताकि वो उसे ढीली करवा दे। बाद में मांगने पर लड़की अंगूठी लौटाने में टालमटोल करती रही। और एक दिन जब लौटाने आई, तो...? रिश्तों के उतार-चढ़ाव को बताती नोबेल पुरस्कार विजेता लेखक की कहानी...

एक पार्टी में एक युवती को मंैने उस अवस्था में देखा था कि प्रेम की तीव्रता ने उसे उन्मत्त बना डाला था। उसकी आंखों में दुहरी नीलिमा और दुहरी झिलमिलाहट थी और अपनी भावनाओं को दूसरों से छिपाने में वह बुरी तरह असफल हो गई थी। उसे किस से प्यार हो गया था..? मेजबान के युवा बेटे से, जो खिड़की के पास खड़ा था। वह खूबसूरत वर्दी पहने हुए था और उसकी आवाज में बाघ जैसी गरज छिपी हुई थी। ओह उस युवती की नजरें जम ही तो गई थीं और अपनी कुरसी में वह बिल्कुल स्तंभित बैठी हुई थी।
`वाह। कितना सुहाना मौसम है। उस रात घर की ओर चलते हुए मैंने उस युवती से कहा था...।' जी हां, वह मेरी मंगेतर थी।
`क्या आज शाम तुम्हें पार्टी में आनंद आया?' और फिर उसके उत्तर की प्रतीक्षा किए बिना उसके हृदय की इच्छा को महसूस करते हुए मैंने अपनी उंगली से मंगनी की अंगूठी उतार डाली।
`तुम्हें पता है, तुमने यह जो अंगूठी मुझे दी है, यह मेरी उंगली में फंस गई है? क्या यह संभव नहीं कि तुम इसे जरा खुला करवा दो।'
उसने अपना हाथ मेरी तरफ बढ़ा दिया।
`लाओ! यह मुझे दे दो। मैं जल्दी ही इसे खुला करवा दूंगी।' और मैंने अपनी अंगूठी उसके हवाले कर दी।
एक महीने के बाद उससे फिर मिला। मैं उससे अंगूठी के बारे में पूछना चाहता था, मगर एक अन्य विचार ने मुझे ऐसा करने से रोके रखा। ऐसी भी जल्दी क्या है? मैंने अपने आप से कहा। उसे कुछ समय और दो। एक महीना तो बहुत थोड़ा समय है।
`ओह, हां ! मुझे याद आया। वह अंगूठी ....' वह कहने लगी, `उस अंगूठी का भाग्य ही अच्छा नहीं। मुझे लगता है मैं उसे रखकर कहीं भूल गई हूं। वह कहीं खो गई है।'
और वह मेरे उत्तर की प्रतीक्षा करने लगी। `क्या तुम मुझसे नाराज हो?' उसने दुविधा से पूछा।' और आह! वह मुझसे अलग होते हुए कितनी प्रसन्न थी, क्योंकि मैंने यही दिखाया था कि मैं उससे नाराज नहीं हूं।
पूरा एक वर्ष बीत गया। एक बार फिर मैं अपनी जानी-पहचानी जगहों में आने -जाने लगा। फिर एक शाम मैं उसी परिचित पगडंडी पर चहलकदमी कर रहा था कि मैंने उसे सामने अपनी ओर आते हुए देखा। उसकी आंखों में अब तिहरी नीलिमा और तिहरी जगमगाहट थी। हां, उसका चेहरा कुछ लटक आया था और उस पर पीलापन भी छाया हुआ था।
उसने दूर ही से मुझे पुकारा, `यह रही तुम्हारी अंगूठी। मंगनी की अंगूठी। मेरे प्यारे! मुझे फिर मिल गई। और मैंने उसे खुला भी करवा लिया है। अब यह कभी तुम्हारी उंगली में तंग नहीं होगी।'
मैंने पहले तो उस निराश पीली स्त्री को देखा और फिर अंगूठी पर नजर डाली...
`अफसोस!' मैंने उसके सामने झुकते हुए कहा, `यह अंगूठी सचमुच बड़ी अभागिन है, क्योंकि अब यह इतनी खुल गई है कि मेरी उंगली में अटक ही नहीं सकती।' अनुवाद : सुरजीत


4

print

खबर पर अपनी राय दें

आप की राय -
mohd usman, delhi
मुहब्बत के लियें कुछ अहम् दिल मखसूस होते हैं यह वोह नगमा है जो हर साज़ पे गया नहीं जाता उस्मान मोबाइल नो 096546 83947
suresh, fatehabad
मुजी यी कहानी अची lagi
pankaj, sasural faridabad
वैरी good
Anju Arya, Bahjoi
बहुत सुन्दर और सटीक कहानी है. होता है ऐसा अक्सर. जिस प्यार में व्यक्ति केवल अपने ही नज़रिए से ही देखता है और केवल अपने ही लिए सोचता है वह प्यार नहीं मौकापरस्ती होती है. मैंने भी ऐसे ही विषय पर एक कहानी लिखी है तथा अमर उजाला में प्रकाशनार्थ भेजना चाहती हूँ. कृपया ईमेल पता प्रेषित करें.
नाम    
ईमेल    
शहर    

   
कोड     
कथा / लघुकथा की अन्य ख़बरें की अन्य ख़बरें
प्रमुख ख़बरें
Copyright © 2012 Amar Ujala Publications Ltd.
All Rights Reserved.
Address: C-21, Sector-59, Noida-201301
Telephone No : +91-120-4694000
To Advertise (Print)   : Mediakit
To Advertise (Online) : +91-120-4694132