जबर्दस्त फार्म में चल रहे वर्ल्ड नंबर वन सर्बिया के नोवाक जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन के फाइनल में रविवार को यहां चिर प्रतिद्वंद्वी स्पेन के राफेल नदाल के खिलाफ उतरेंगे तो उनके पास लगातार तीन ग्रैंड स्लैम जीतने की उपलब्धि हासिल करने का मौका रहेगा। वर्ष 1968 में टेनिस के आधुनिक युग की शुरुआत के बाद से अब तक केवल चार खिलाड़ी ही लगातार तीन ग्रैंड स्लैम जीतने की उपलब्धि हासिल कर पाए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के राड लेवर, अमेरिका के पीट सम्प्रास, स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और नदाल को ही अब तक यह उपलब्धि हासिल है। जोकोविच ने पिछले वर्ष नदाल को छह बार फाइनल मुकाबलों में हराया था। सर्बियाई स्टार ने विंबलडन और यूएस ओपन में नदाल को हराकर खिताब जीता था और एक बार फिर नदाल उनके सामने हैं। जोकोविच ने पिछली बार ब्रिटेन के एंडी मरे को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था।
पिछले सत्र में 70-6 का हारजीत औसत रखने वाले जोकोविच ने सेमीफाइनल में मरे को हराया जबकि नदाल ने फेडरर को शिकस्त देकर खिताबी जंग के लिए जगह बनाई। जोकोविच को जहां क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में थकान और सांस लेने में समस्या हुई थी। वहीं, नदाल को घुटनों में पट्टा बांधकर खेलना पड़ा था। लेकिन नडाल को फाइनल के लिए एक दिन का अतिरिक्त आराम मिला है।
‘जोकोविच ऑस्ट्रेलियन ओपन खिताब के प्रबल दावेदार हैं। वह पिछले सत्र से शानदार फॉर्म में हैं और लगातार छह बार मुझे हरा चुके हैं। यह मैच मेरे लिए बहुत बड़ी परीक्षा है। मुझे पता नहीं कि इस मैच को जीतने के लिए तैयार हूं या नहीं। लेकिन जीतने के लिए अपनी तरफ से पूरी ताकत झोंक दूंगा।’
-राफेल नदाल
0
खबर पर अपनी राय दें