भारत की नंबर एक महिला टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा और राष्ट्रीय चैंपियन तुर्जा भोंसले के दमदार खेल से भारत ने चीन के शेनझेन में चल रहे फेड कप एशिया-ओसेनिया जोन ग्रुप ‘दो’ के पूल ‘बी’ के मुकाबले में फिलीपींस को 2-1 से हराकर पूल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इस तरह भारत ने अपने पूल में अपराजेय क्रम भी बरकरार रखा। भारत का अब पूल ‘ए’ की शीर्ष टीम के साथ शनिवार को मुकाबला होगा और इस मुकाबले की विजेता टीम अगले वर्ष एशिया-ओसेनिया जोन ग्रुप ‘एक’ में खेलेगी।
भारत की यह लगातार चौथी जीत
शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में तुर्जा ने तमिथा एनगुएन को 6-2, 6-3 से हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। अगले एकल में प्रेरणा भांबरी को एन्ना क्येरिस पेट्रिमोनियो ने 3-6, 6-4, 6-2 से हराकर फिलीपींस को 1-1 की बराबरी पर ला दिया लेकिन निर्णायक डबल्स मुकाबले में सानिया और ईशा लखानी की अनुभवी जोड़ी ने एनगुएन और पेट्रिमोनियो को 6-0, 6-1 से हराकर भारत को 2-1 से जीत दिला दी। भारत ने इससे पहले पूल मुकाबलों में ईरान को 3-0, ओमान को 3-0 और तुर्कमेनिस्तान को 3-0 से हराया था। भारत की यह लगातार चौथी जीत है। भारत के पहले तीन मुकाबलों में सानिया मिर्जा नहीं खेल पाई थीं क्योंकि वह आस्ट्रेलियन ओपन में व्यस्त थीं।
0
खबर पर अपनी राय दें