साल के पहले ग्रैंड स्लैम में तय हो गया कि फिलहाल टेनिस की दुनिया पर किसकी बादशाहत है। पांच घंटे 44 मिनट तक चली मैराथन भिड़ंत में वर्ल्ड नंबर वन सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने दूसरी रैंकिंग वाले स्पेन के राफेल नदाल को 5-7, 6-4, 6-2, 6-7, 7-5 से हराकर आस्ट्रेलियन ओपन खिताब पर कब्जा कर लिया। इस टूर्नामेंट के इतिहास का यह सबसे लंबा खिताबी मुकाबला रहा। नोवाक का यह तीसरा आस्ट्रेलियन ओपन और कुल पांचवां ग्रैंड स्लैम खिताब रहा।
नदाल दबाव में ढीले पड़ते दिखे
पहले सेट में नोवाक ने धीमी शुरुआत की। नदाल ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाते हुए जोकोविच की सर्विस दो बाद ब्रेक कर 7-5 से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट के चौथे गेम में नदाल की सर्विस ब्रेक करके सर्बियाई खिलाड़ी ने 3-1 की बढ़त बना ली और आखिर में 6-4 से सेट अपने नाम कर लिया। तीसरे सेट में जोकोविच ने शिकंजा और कस लिया जबकि नदाल दबाव में ढीले पड़ते दिखे। जोकोविच ने नदाल के तेवर थोड़ नरम किए और 6-2 से सेट अपने नाम कर लिया। लगा कि अब मुकाबला एकतरफा हो रहा है लेकिन चौथे सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एकदूसरे का दमखम खूब आंका।
दस मिनट के लिए खेल में खलल
आठवें गेम में नदाल ने ब्रेक पाइंट बचाते हुए सर्विस बरकरार रखकर स्कोर 4-4 कर दिया। इस बीच हल्की बूंदाबांदी ने करीब दस मिनट के लिए खेल में खलल डाला। दोनों खिलाड़ियों ने अपनी सर्विस बचाते हुए स्कोर 6-6 किया और मुकाबला टाइब्रेकर तक खिंचा। यहां 5-3 की बढ़त के बाद जोकोविच के पास खिताब जीतने का मौका था लेकिन नदाल ने लगातार चार अंक बटोकर सेट अपने नाम कर लिया। पांचवां और निर्णायक सेट टेनिस के कौशल से ज्यादा मानसिक मजबूती का इम्तिहान था। इस परीक्षा में दोनों खिलाड़ी कई बार लड़खड़ाते तो कभी संभलकर मजबूती से पलटवार करते। आखिर में नोवाक एक बार फिर नदाल पर भारी पड़े।
नदाल पर इक्कीस
नदाल की जोकोविच के हाथों यह ग्रैंड स्लैम मुकाबलों में लगातार तीसरी हार रही। सर्बियाई खिलाड़ी ने विंबलडन और यूएस ओपन में नदाल को हराकर खिताब जीता था। नोवाक की नदाल के खिलाफ यह लगातार सातवीं और कुल 14वीं जीत रही। जोकोविच लगातार तीन ग्रैंड स्लैम जीतने वाले दुनिया के पांचवें खिलाड़ी भी बन गए। आस्ट्रेलिया के रॉड लेवर, अमेरिका के पीट सैम्प्रास. स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और नदाल उनसे पहले यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
कमाल के जोकोविच
03 बार जोकोविच ने जीता आस्ट्रेलियन ओपन का खिताब
03 बार लगातार फाइनल में नदाल को जोकोविच से मिली हार
07 लगातार मैचों में राफेल से जीत रहे हैं जोकोविच
05 कुल पांचवा खिताब जोकोविच ने जीता
0
खबर पर अपनी राय दें