बेलारूस की महिला टेनिस खिलाड़ी विक्टोरिया अजारेंका ने वर्ष के पहले ग्रैंड स्लैम आस्ट्रेलियन ओपन जीत को सपना साकार होने जैसा बताया है। अजारेंका ने शनिवार को खेले गए एकल स्पर्धा के फाइनल में पूर्व शीर्ष वरीयता प्राप्त व वर्ष 2008 की आस्ट्रेलियन ओपन चैम्पियन रूस की मारिया शारापोवा को 6-3, 6-0 से हराकर वर्ष और करियर का पहला ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किया।
अजारेंका ने कहा कि मेरे लिए आस्ट्रेलिया में यह महीना अच्छा रहा। मेरा सपना साकार हो गया। 22 वर्षीया अजारेंका खिताब जीतने के साथ ही विश्व की शीर्ष खिलाड़ी भी बन गई हैं। डब्ल्यूटीए की नवीनतम रैंकिंग सोमवार को जारी होगी जिसमें अजारेंका आधिकारिक रूप से नंबर वन की कुर्सी पर काबिज हो जाएंगी।
अजारेंका ने कहा कि मैं अपनी टीम और समर्थकों को धन्यवाद देना चाहती हूं जिन्होंने मेरा समर्थन किया और मुझमें विश्वास दिखाया। इन्हीं की बदौलत मेरे अंदर आत्मविश्वास मजबूत हुआ और अंत में मैंने ट्रॉफी पर कब्जा किया। गौरतलब है कि कोई भी ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली और रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज होने वाली अजारेंका बेलारूस की पहली खिलाड़ी हैं।
इससे पहले बेलारूस की ओर से नाताशा ज्वेरेवा ने वर्ष 1988 में फ्रेंच ओपन के फाइनल तक का सफर तय किया था। ज्वेरेवा की एकल में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग पांच थी जो उन्होंने 22 मई, 1989 को हासिल की थी। अजारेंका ने अपने माता-पिता, दोस्तों, अपने प्रेमी और दादी का भी शुक्रिया अदा किया जिनसे वह प्रेरित हैं। अजारेंका ने अब तक 10 डब्ल्यूटीए और एक आईटीएफ एकल खिताब जीता है। युगल में उनके नाम छह डब्ल्यूटीए और तीन आईटीएफ खिताब दर्ज हैं।
0
खबर पर अपनी राय दें