|  English News  |  Education  |  AUMobile  |  Result
au
    Thursday, May 24, 2012  |  Last Update - 8:35 AM IST
अन्य खेल
  आप यहाँ हैं: होम » खेल » अन्य खेल

इंडियन ओपन की तारीख तय नहीं

नई दिल्ली।
Story Update : Friday, February 03, 2012    1:58 AM
Indian Open date not fixed

एशियाई टूर कैलेंडर में भारत को काफी तवज्जो दी गई है लेकिन देश के सर्वोच्च गोल्फ टूर्नामेंट इंडियन ओपन की अभी कोई तारीख तय नहीं की गई है। इंडियन ओपन का आयोजन पिछले साल अक्तूबर जबकि उससे पहले नवंबर में किया गया था लेकिन ऐसा लगता है कि 2012 के लिए कोई तारीख उपलब्ध नहीं है और अक्तूबर में भी कोरिया और मलयेशिया की प्रतियोगिता के बीच सिर्फ दो हफ्ते खाली हैं।

पल्लीकल वर्ल्ड रैंकिंग में 14वें स्थान पर
नई दिल्ली। विस्पा फाइनल्स में एक बार फिर जगह बनाने वाली भारत की युवा महिला स्क्वैश स्टार दीपिका पल्लीकल ने वर्ल्ड रैंकिंग में कैरियर का सर्वश्रेष्ठ 14वां स्थान हासिल किया। पिछले साल तीन विस्पा खिताब जीतने वाली पल्लीकल इससे पहले 15वें पायदान पर थीं। हालांकि न्यूयॉर्क में वह अपने कैरियर का छठवां खिताब जीतने से चूक गईं थीं। उन्हें टूर्नामेंट ऑफ चैंपियंस में हॉलैंड की नताली ग्रिनहैम के हाथों शिकस्त मिली थी। वहीं, जोशन चिनप्पा को चार स्थान का नुकसान हुआ है और वह 40वें पायदान पर लुढ़क गईं।

बॉक्सिंग की तैयारियों पर 3.57 करोड़ रूपये खर्च
नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्रालय ऑपरेशन एक्सीलेंस फॉर लंदन ओलंपिक्स 2012 (ओपेक्स 2012) स्कीम के तहत मुक्केबाजों के प्रशिक्षण और विदेशी अनुभव पर अब तक 3.57 करोड़ रूपये खर्च कर चुका है। इनमें से 2.48 करोड़ रूपये राष्ट्रीय प्रशिक्षिण शिविरों में 58 मुक्केबाजों (40 पुरुष एवं 18 महिला) पर खर्च किया गया है। इसके लिए 19 कोच और सात सहायक स्टाफ की मदद ली गई है। बाकी के 1.09 करोड़ रूपये खिलाड़ियों को विदेशी अनुभव दिलाने पर खर्च हुए हैं। अब तक कुल चार मुक्केबाज लंदन ओलंपिक की सीट हासिल कर चुके हैं। ये मुक्केबाज देवेंद्र सिंह (49 किलो), जय भगवान (60 किलो), मनोज कुमार (64 किलो) और विकास कृष्णा (69 किलो) हैं। मुक्केबाजों के लिए दो क्वालीफिकेशन आयोजन होने बाकी हैं। इनमें से एक महिला एवं पुरुष मुक्केबाज को भारतीय टीम में शामिल होने का मौका मिल सकता है।

मोहम्मद अली के प्रशिक्षक डुंडी का निधन
लंदन। वर्ल्ड मुक्केबाजी के दो महान धुरंधरों मोहम्मद अली और सुगर रे लियोनार्ड के प्रशिक्षक एंजेलो डुंडी का निधन हो गया। वह 90 वर्ष के थे। वह बीते कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे। उनके परिजनों ने इस बाबत सूचना दी और बताया कि वह इस बात को लेकर बहुत खुश थे कि उन्हें अली का जन्मदिन मनाने का मौका मिला। डुंडी खुद को मुक्केबाजी के हाल ऑफ फेम में भी शामिल किए जाने से खुश थे। उन्होंने अपने लंबे पेशेवर कैरियर में 15 से अधिक वर्ल्ड चैंपियन मुक्केबाज तैयार किए। इनमें लियोनार्ड, जिमी एलिस और जार्ज फोरमैन मुख्य हैं।

जोकोविच, मेसी लॉरियस पुरस्कार की होड़ में
लंदन। टॉप सीड टेनिस स्टार सर्बिया के नोवाक जोकोविच और अर्जेंटीना के फुटबालर लियोनेल मेसी लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स की होड़ में शामिल हैं। ये पुरस्कार छह फरवरी को दिए जाएंगे। वर्ल्ड स्पोर्ट्स मैन ऑफ द ईयर के लिए छह खिलाड़ियों को नामांकित किया गया है। स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर ने चार बार यह खिताब अपने नाम किया है। वर्ल्ड रिकॉर्डधारी एथलीट जमैका के उसैन बोल्ट दो बार यह खिताब जीत चुके हैं और तीसरी बार नामांकन में शामिल हैं।

राष्ट्रीय जू. बैडमिंटन प्रतियोगिता शनिवार से
जयपुर। 36वीं राष्ट्रीय जूनियर बैडमिंटन प्रतियोगिता के क्वालीफिकेशन राउंड चार एवं पांच फरवरी को यहां खेले जाएंगे जिसमें से 17 और 19 वर्ष के लड़के और लड़कियों के एकल मुकाबले में आठ-आठ खिलाड़ी मुख्य ड्रा में प्रवेश करेंगे। मुकाबले के लिए 28 इकाईयों की 607 प्रविष्टियां प्राप्त हुई है। छह और सात फरवरी को होने वाले 19 वर्ष के टीम मुकाबलों में लड़कों के नारंग कप के लिए तथा लड़कियों में शफी कुरैशी कप के लिए 6 जोन की विजेता टीमें भाग लेगी।

भारत को टीम खिताब, मानव शीर्ष पर
ढाका। भारतीय गोल्फ टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंाग्लादेश ओपन एमेच्योर चैंपियनशिप का टीम खिताब जीत लिया। साथ ही व्यक्तिगत वर्ग में भारत के मानव दास दो राउंड के बाद छह शाट की बढ़त के साथ शीर्ष पर आ गए हैं। मानव ने टूर्नामेंट के पहले राउंड में तीन अंडर 69 का कार्ड खेला था जबकि दूसरे राउंड में उन्होंने चार अंडर 68 का शानदार कार्ड खेला। उनका कुल स्कोर अब सात अंडर 137 हो गया है। टीम स्पर्द्धा में मानव और खालिन ने दो राउंड में 285 अंकों के साथ दस शाट की बढ़त बनाते हुए खिताब जीता। पांच दिनी इस टूर्नामेंट में मेजबान बंाग्लादेश के अलावा अफगानिस्तान, नेपाल, भारत, भूटान, पाकिस्तान और श्रीलंका के गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं।

सीनियर ताइक्वांडो में भाग लेंगे 550 खिलाड़ी
नई दिल्ली। देश के चोटी के 550 ताइक्वांडो खिलाड़ी यहां के इंदिरा गांधी स्टेडियम के जिम्नास्टिक हाल में 15 से 17 फरवरी तक होने वाली 30वीं राष्ट्रीय सीनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली ताइक्वांडो संघ, भारतीय ताइक्वांडो महासंघ के तत्वाधान में कर रहा है। अप्रैल में मिस्र में होने वाली विश्व जूनियर ताइक्वांडो चैंपियनशिप और मई में वियतनाम में होने वाली एशियाई जूनियर और सीनियर चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीमों का चयन इसी टूर्नामेंट के आधार पर किया जाएगा।


0

print

खबर पर अपनी राय दें

नाम    
ईमेल    
शहर    

   
कोड     
अन्य खेल की अन्य ख़बरें
प्रमुख ख़बरें
स्पेशल स्टोरी
Copyright © 2012 Amar Ujala Publications Ltd.
All Rights Reserved.
Address: C-21, Sector-59, Noida-201301
Telephone No : +91-120-4694000
To Advertise (Print)   : Mediakit
To Advertise (Online) : +91-120-4694132